बारिश का डबल अटैक! मुंबई पानी-पानी, दिल्ली-यूपी में अगले कुछ घंटों में बारिश का अलर्ट

3

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। एक ओर मुंबई में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, तो दूसरी ओर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। अंधेरी वेस्ट स्थित डी.एन. नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक विशाल पेड़ उखड़कर गिर गया, जिससे सड़क पर खड़ी एक बस और आसपास की संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। वहीं, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) समेत कई निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को लंबी जाम की समस्या का सामना करना पड़ा। नगर निगम की टीमें जलनिकासी के काम में जुटी हुई हैं।

इस बीच, मौसम विभाग ने बताया कि मानसून अब तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और हापुड़ में भी बारिश और बिजली चमकने का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश में भी मानसून सक्रिय होने के साथ पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। वहीं, बिहार के उत्तर-पश्चिमी जिलों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार से तापमान में गिरावट शुरू होगी और अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए राजधानी के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसूनी हवाओं के प्रभाव से उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। हालांकि, भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और स्थानीय स्तर पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

Comments are closed.