मौसम का मिजाज बदला: दिल्ली से यूपी तक बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में बर्फबारी संभव

2

उत्तर भारत में पिछले कई दिनों से पड़ रही गर्मी के बीच अब मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है।

कई राज्यों में बादल छाने लगे हैं और तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में मौसम और बदल सकता है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में 14 और 15 मार्च के दौरान हल्की बारिश हो सकती है।

कई राज्यों में बारिश का अनुमान

पूर्वानुमान के मुताबिक मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के कोंकण और विदर्भ क्षेत्र, साथ ही सौराष्ट्र और कच्छ में 13 मार्च को बारिश हो सकती है। वहीं ओडिशा में 13 और 14 मार्च तथा झारखंड में 14 और 15 मार्च के दौरान लू चलने की आशंका जताई गई है, जिसके बाद तापमान में कुछ राहत मिल सकती है।

पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 13 मार्च को और 14 से 16 मार्च के बीच भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 13 से 16 मार्च तथा असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च के बीच तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी

उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी इलाकों में 14 मार्च से मौसम सक्रिय होने की संभावना है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है, जो 15 से 19 मार्च के बीच तेज हो सकती है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

उत्तराखंड में भी 14 मार्च को बारिश के साथ बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

ओलावृष्टि की भी चेतावनी

मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के साथ उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओले गिर सकते हैं। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में 15 से 19 मार्च के बीच, उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 13 और 14 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों—त्रिपुरा, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश—में भी 13 से 19 मार्च के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज नम हवाएं चलने का अनुमान है।

Comments are closed.