26 जनवरी मौसम अपडेट: 11 राज्यों में बारिश का अलर्ट, तूफान का खतरा, 25 जिलों में कोहरा

3

देश में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश और तेज तूफान की चेतावनी जारी की है। IMD के अनुसार, 11 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है, जबकि पूर्वी और उत्तर भारत के 25 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहने की संभावना है।

भारी बारिश की चेतावनी जिन राज्यों के लिए जारी की गई है, उनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और केरल शामिल हैं। 26 और 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में तथा 27 और 28 जनवरी को उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक 27 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। वहीं, 28 जनवरी को बिहार में कई जगहों पर गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

दिल्ली का मौसम

IMD के अनुसार राजधानी दिल्ली में आज मौसम बेहद ठंडा रहेगा। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।

आपके शहर में आज कितना रहेगा तापमान, जानें

शहर अधिकतम तापमान (26 जनवरी) न्यूनतम तापमान (26 जनवरी)
दिल्ली 18°C 05°C
मुंबई 28°C 24°C
कोलकाता 27°C 18°C
चेन्नई 28°C 25°C
लखनऊ 21°C 10°C
पटना 23°C 12°C
रांची 25°C 12°C
भोपाल 25°C 14°C
जयपुर 19°C 07°C
शिमला 12°C 02°C
नैनीताल 18°C 07°C

उत्तर प्रदेश का हाल

प्रदेश में 26 जनवरी की सुबह से ही कोहरे का असर दिखेगा। तराई क्षेत्रों में 26 और 27 जनवरी को कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 और 28 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि बारिश के बाद 29 जनवरी की सुबह तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी

मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों के लिए 26 से 28 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। आठ पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 27 जनवरी को भारी ओलावृष्टि और तेज आंधी को लेकर चेतावनी दी गई है। 29 जनवरी तक पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि 30 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर

राजस्थान में 26 और 27 जनवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। 26 जनवरी की दोपहर बाद पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 27 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, जोधपुर, कोटा और अजमेर संभागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई इलाकों में शीतलहर का असर भी बना रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की चेतावनी

IMD के अनुसार 26 से 27 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। किसानों को 28 जनवरी तक कृषि कार्य रोकने की सलाह दी गई है। हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने की चेतावनी भी जारी की गई है। घाटी में 40 दिन का ‘चिल्ला कलां’ 30 जनवरी को समाप्त होगा।

तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने तमिलनाडु के 9 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय पूर्वी हवाओं के कारण राज्य में अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। चेंगलपट्टू, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, सेलम और नमक्कल जिलों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि कुड्डालोर, तंजावुर और रामनाथपुरम जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है। 26 जनवरी को पूरे राज्य में हल्की बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।

Comments are closed.