पहाड़ों में बारिश से बदलेगा दिल्ली-NCR का मौसम, 14 राज्यों में बारिश का अलर्ट; जहरीली हवा से फिलहाल राहत नहीं

3

दिल्ली-NCR में मौसम लेगा करवट, पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार; दक्षिण और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अलर्ट

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस बीच राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में प्रदूषण का स्तर बेहद चिंताजनक बना हुआ है।

दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 463 दर्ज किया गया है। नोएडा में यह 456 और ग्रेटर नोएडा में 426 तक पहुंच गया है। गुरुग्राम सहित एनसीआर के अन्य प्रमुख शहरों में भी एक्यूआई 400 के ऊपर बना हुआ है। सुबह और शाम धुंध के साथ हल्की ठंड महसूस होने लगी है, लेकिन प्रदूषण से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है।

उधर, बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र प्रदेश के तट से गुजरने के बाद कमजोर हो गया है। इसके बावजूद तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में 8 नवंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल 8 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश-बर्फबारी के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम ज्यादातर शुष्क रहने तथा कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है।

दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने के साथ हवाएं चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले सप्ताह ठंड बढ़ने के साथ सुबह के समय कोहरे और धुंध का प्रभाव भी बढ़ सकता है।

तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में बारिश जारी

दक्षिण भारत के राज्यों में चक्रवाती मौसम प्रणाली का प्रभाव देखने को मिलेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और कराईकल में 8 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और रायलसीमा में भी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी है।

बिहार, झारखंड और बंगाल में भी बरसेंगे बादल

पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बिहार और झारखंड के कई इलाकों में भी हल्की बौछारें पड़ सकती हैं।

इसके अलावा 5 से 11 नवंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवाती सिस्टम विकसित होने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से पूर्वी भारत के मौसम में फिर बदलाव आ सकता है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का अनुमान

अरुणाचल प्रदेश में 5 और 8 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। असम और मेघालय में 7 और 8 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 8 नवंबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कैसा रहेगा मौसम?

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 5 नवंबर को कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने की संभावना है। भोपाल, उज्जैन और विदिशा समेत मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां कम होने के बाद मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

वहीं कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र तथा मराठवाड़ा में 5 नवंबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद इन क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

Comments are closed.