Weather Update Today: यूपी, पंजाब सहित 9 राज्यों में बारिश की चेतावनी, तेज़ हवाओं का भी अलर्ट

1

देश में ठंड की विदाई की उम्मीद के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 से 25 जनवरी के बीच उत्तर भारत समेत 9 राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। भारी बारिश और बर्फबारी के चलते कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जबकि घने कोहरे के कारण सुबह के समय यातायात प्रभावित हो सकता है।

9 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

IMD के अनुसार 22 से 25 जनवरी के बीच हरियाणा, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किमी/घंटा तक की तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

20 जनवरी को हिमाचल प्रदेश में बिजली कड़कने के साथ बारिश की संभावना है, जबकि 22 से 24 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

22 से 25 जनवरी के बीच पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश व्यापक रूप से देखने को मिल सकती है। वहीं, 20, 21 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है, जहां 50 किमी/घंटा तक की आंधी हालात बिगाड़ सकती है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में 20 जनवरी को न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिन में धूप खिली रहेगी, लेकिन 23 जनवरी से हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है। अगले 3–4 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। फिलहाल शीतलहर से राहत मिलने के संकेत हैं।

उत्तर प्रदेश का हाल

यूपी में 20 जनवरी को 10 से ज्यादा शहरों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, बरेली, बाराबंकी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद और मेरठ में 10–15 किमी/घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी।
लखनऊ में अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 22 से 25 जनवरी के बीच राज्य में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट है।

बिहार में मौसम

IMD के मुताबिक 20 जनवरी को बिहार में मौसम बदल सकता है। पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज समेत कई जिलों में तापमान 1–2 डिग्री तक गिर सकता है। सुबह के समय 5–10 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पटना में अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

हरियाणा का मौसम

हरियाणा में 26 जनवरी तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत और कुरुक्षेत्र में सुबह का तापमान 4–5 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 23 जनवरी से कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड में अलर्ट

उत्तराखंड में 20 जनवरी को मौसम बिगड़ सकता है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 4–5 डिग्री तक पहुंच सकता है। 23 जनवरी को नैनीताल, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और उधमसिंहनगर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। नैनीताल में अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश का हाल

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार से मौसम बदलने के संकेत हैं। शिमला में अधिकतम तापमान 14 और न्यूनतम 2 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 23 जनवरी से तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मनाली में तापमान शून्य से नीचे बना रहेगा।

पंजाब में कोहरा और बारिश

20 से 22 जनवरी के बीच अमृतसर, पटियाला, चंडीगढ़, जालंधर, लुधियाना, मोहाली समेत कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। 23 जनवरी से बारिश की संभावना जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर का मौसम

21 जनवरी तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 22 से 25 जनवरी के बीच मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। इस दौरान 40–50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 7 और न्यूनतम 3 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

राजस्थान का हाल

राजस्थान के कुछ जिलों में 22 और 23 जनवरी को बारिश की संभावना है। सीकर, जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, भरतपुर और श्रीगंगानगर में तापमान गिर सकता है। जयपुर में आज अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश में बदलाव

मध्य प्रदेश में 21 जनवरी तक ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन 22 और 23 जनवरी को हल्की बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई जिलों में तापमान में गिरावट आएगी। भोपाल में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

शहर अधिकतम तापमान (20 जनवरी) न्यूनतम तापमान (20 जनवरी)
दिल्ली 21°C 07°C
मुंबई 28°C 23°C
कोलकाता 27°C 18°C
चेन्नई 28°C 22°C
लखनऊ 21°C 09°C
पटना 21°C 12°C
रांची 24°C 11°C
जयपुर 23°C 12°C
भोपाल 23°C 12°C
शिमला 15°C 03°C
नैनीताल 18°C 06°C

Comments are closed.