जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर: कठुआ में बाढ़ से कई गांवों का संपर्क टूटा, जम्मू-श्रीनगर हाईवे प्रभावित
जम्मू संभाग में लगातार हो रही बारिश ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कठुआ जिले में बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद बेला और तरनाह नालों में बाढ़ आ गई, जिससे कई गांवों का संपर्क कट गया। वहीं, भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं के चलते जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई स्थानों पर प्रभावित रहा।
भारी बारिश के बीच एहतियातन श्री माता वैष्णो देवी के बैटरी कार मार्ग को बंद रखा गया है। हालांकि श्रद्धालुओं की यात्रा पुराने मार्ग से सामान्य रूप से जारी है। खराब मौसम के कारण कटड़ा-सांझीछत हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रभावित रही।
80 साल पुराना मकान ढहा, बस हादसे में 9 घायल
जम्मू शहर के मल्होत्रा मोहल्ले में बारिश के बाद करीब 80 साल पुराना मकान ढह गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं, जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग के मुट्ठी क्षेत्र में बारिश के दौरान एक बस पलटने से नौ लोग घायल हो गए।
डोडा में स्कूल बंद, अस्पताल और स्कूल परिसर में भरा पानी
लगातार बारिश को देखते हुए डोडा प्रशासन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। उधर, कठुआ के हीरानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में पानी भर जाने से मरीजों, छात्रों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हाईवे पर मरम्मत जारी, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
उधमपुर के देवाल और रामबन-बनिहाल के बीच कई स्थानों पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत का काम जारी है। रियासी प्रशासन ने वाहन चालकों को जलभराव वाले रास्तों से बचने, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने तथा खराब मौसम में गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।
तापमान में गिरावट, उमस से राहत नहीं
बारिश के बावजूद जम्मू में दिनभर हल्के बादलों के बीच उमस बनी रही। जम्मू का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बनिहाल में 26.1, बटोत में 25.1, कटड़ा में 28.2, भद्रवाह में 25.6, श्रीनगर में 25.7, पहलगाम में 20.6 और गुलमर्ग में 18 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
Comments are closed.