हिमाचल में बारिश बनी आफत, 17 लोगों की गई जान; 120+ सड़कें ठप

1

हिमाचल में बारिश का कहर गहराया: मानसून में 17 की मौत, 120 से ज्यादा सड़कें बंद; कई जिलों में रिकॉर्ड बारिश

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन, जलभराव और चट्टानें गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। बीते 24 घंटे में हुई तीन और मौतों के बाद मानसून सीजन में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। वहीं, प्रदेशभर में 120 से अधिक संपर्क मार्ग बंद हैं, जिन्हें खोलने का काम जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोलन में सामान्य से 870 प्रतिशत, सिरमौर में 743 प्रतिशत और शिमला में 669 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। भारी वर्षा के चलते कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और भूस्खलन से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में 70 वर्षीय शिव राम की पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से मौत हो गई। वहीं, बकरियां चराने गए 62 वर्षीय व्यक्ति की फिसलकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरने से जान चली गई। सिरमौर के पांवटा साहिब में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी 25 वर्षीय रोहित कुमार की सांप के काटने से मौत हो गई।

सोलन जिले के कुनिहार में चलती कार पर पहाड़ी से पत्थर गिरने से अर्की के एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। इनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।

कुल्लू के इनर अखाड़ा बाजार में फिर भूस्खलन हुआ, जिससे पिछले साल इसी जगह हुई दर्दनाक घटना की यादें ताजा हो गईं, जब 10 लोगों की जान चली गई थी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर हणोगी के पास चट्टान और मलबा गिरने से हाईवे प्रभावित रहा, हालांकि शुक्रवार सुबह बड़े वाहनों के लिए इसे बहाल कर दिया गया। झलोगी के पास दिल्ली से आए पर्यटकों की कार पर भी पत्थर गिरे, लेकिन सभी बाल-बाल बच गए।

सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में जलभराव से घरों, दुकानों और उद्योगों में पानी घुस गया, जिससे उद्योगों को नुकसान और उत्पादन प्रभावित हुआ। नाहन में एक पुराने डंगे के गिरने से आठ परिवारों के करीब 40 लोग घरों में फंस गए।

लगातार बारिश से गिरि, यमुना समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। एहतियातन गिरि जटोन बांध के सभी 10 गेट खोल दिए गए हैं। शिमला में पत्थर गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए, जबकि टुटू क्षेत्र में पेड़ गिरने से कुछ समय तक यातायात बाधित रहा।

Comments are closed.