देश के कई हिस्सों में अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और झारखंड तक बारिश का सिलसिला जारी है।
सोमवार रात से हुई झमाझम बारिश ने राजधानी दिल्ली का तापमान नीचे ला दिया है, जिससे सुबह-सुबह ठिठुरन महसूस होने लगी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 7 अक्टूबर को पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज बारिश की संभावना है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में आज तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-नोएडा में सोमवार से शुरू हुई बारिश मंगलवार को भी रुक-रुककर जारी है। लगातार हो रही बरसात से लोगों को ट्रैफिक जाम और पानी भरने की समस्या झेलनी पड़ रही है। दूसरी ओर, अचानक गिरा तापमान लोगों को अक्टूबर के शुरुआती दिनों में ही ठंड का एहसास करा रहा है।
क्यों हो रही है बेमौसम बारिश?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बारिश पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती सिस्टम के टकराने का असर है। दोनों प्रणालियों के मिलन से उत्तर भारत में नमी बढ़ गई है, जिससे कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी हुई है।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी ठंड
IMD के मुताबिक, अगले 48 घंटों में बारिश कम होगी, लेकिन उसके बाद तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। इसका मतलब है कि इस बार सर्दी तय समय से पहले दस्तक दे सकती है। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग फिलहाल सुबह-शाम बाहर निकलते समय हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू कर सकते हैं।
Comments are closed.