बिहार में आज चुनावी दौरे पर रहेंगे राजनाथ सिंह और अमित शाह, तीन राज्यों के मुख्यमंत्री करेंगे जनसभाएं

3

बिहार विधानसभा चुनाव अभियान के तहत बुधवार को भाजपा के दो शीर्ष नेता — गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह — एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में राज्यभर में जनसभाएं करेंगे। दोनों नेताओं की दिनभर में तीन-तीन रैलियां तय हैं।

अमित शाह का कार्यक्रम
अमित शाह आज अपनी पहली सभा दरभंगा के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र में करेंगे। इसके बाद वे समस्तीपुर के रोसड़ा और बेगूसराय के भगवानपुर में एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। तीनों जनसभाओं के बाद वे पटना लौटेंगे और रात वहीं ठहरेंगे।

राजनाथ सिंह का प्रचार दौरा
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की रैलियां हायाघाट, बाढ़ और छपरा में निर्धारित हैं। इन इलाकों में क्षत्रिय मतदाताओं का प्रभावी वोट बैंक है, जिसे साधने के लिए पार्टी ने उनके कार्यक्रम तय किए हैं। राजनाथ सिंह अपने संबोधन में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और राज्य में एनडीए सरकार की योजनाओं पर फोकस करेंगे।

तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों का भी प्रचार
आज भाजपा के अन्य प्रमुख चेहरे भी मैदान में उतरेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तीन-तीन जनसभाएं करेंगे।

भाजपा ने बिहार चुनाव को लेकर पूरे जोर-शोर से प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। शीर्ष नेताओं की लगातार रैलियों से पार्टी अपने समर्थन आधार को और मजबूत करने की कोशिश में है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को सभा करेंगे और 2 अक्टूबर को पटना में रोड शो करने का कार्यक्रम तय है।

Comments are closed.