फिल्म निर्देशक Priyadarshan के एक बयान पर अभिनेता Rajpal Yadav ने नाराजगी जताई है। प्रियदर्शन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में राजपाल की मौजूदा कानूनी परेशानियों को उनकी “खराब एजुकेशन” से जोड़ दिया था, जिसे अभिनेता ने सिरे से खारिज कर दिया।
‘स्क्रीन’ को दिए इंटरव्यू में राजपाल यादव ने कहा, “यह बिल्कुल गलत बात है। प्रियनजी शायद मुझे ठीक से जानते नहीं हैं। मैं पढ़ा-लिखा इंसान हूं और 11 साल की उम्र से लगातार काम कर रहा हूं। अगर मेरी पढ़ाई खराब होती तो मैं 25-30 साल तक इंडस्ट्री में टिक ही नहीं पाता।”
उन्होंने आगे कहा कि जीवन में मुश्किलें किसी के साथ भी आ सकती हैं और उन्हें शिक्षा से जोड़ना उचित नहीं है। राजपाल के मुताबिक, किसी पेशेवर या कानूनी संकट को व्यक्ति की शैक्षणिक पृष्ठभूमि से जोड़ना एक संकीर्ण सोच है और उनकी निजी यात्रा को इस नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।
प्रियदर्शन ने क्या कहा था?
‘मिड डे’ को दिए इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने कहा था कि वह राजपाल को करीब दो दशकों से जानते हैं और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अपनी कई फिल्मों में उन्होंने राजपाल को मौका दिया है और आगे भी उनके साथ काम करने की योजना है। हालांकि, इसी बातचीत में उन्होंने कहा था कि अभिनेता से “ब्लंडर” उनकी खराब शिक्षा की वजह से हुआ।
चेक बाउंस केस का मामला
राजपाल यादव 2012 के एक चेक बाउंस मामले में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। दिल्ली हाई कोर्ट ने हाल ही में बकाया राशि चुकाने के लिए और समय देने की उनकी याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद 5 फरवरी को उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। बाद में अदालत ने 17 फरवरी को अंतरिम राहत देते हुए 18 मार्च तक उनकी सजा निलंबित कर दी।
Comments are closed.