राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद: गिरफ्तार 8 आरोपियों में 6 वाराणसी की सिक्योरिटी फर्म के कर्मचारी

2

राम मंदिर चढ़ावा मामला: गिरफ्तार 8 में से 6 वाराणसी की एजेंसी के कर्मचारी, डायरेक्टर बोले- मंदिर से नहीं, SBI से है अनुबंध

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि की गिनती में कथित अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों में से छह वाराणसी स्थित सैनिक सिक्योरिटी सर्विसेज के कर्मचारी हैं। इस बीच एजेंसी के डायरेक्टर गौरव सिंह ने कहा है कि उनकी कंपनी का राम मंदिर ट्रस्ट से कोई प्रत्यक्ष अनुबंध नहीं है, बल्कि वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) को हाउसकीपिंग कर्मचारी उपलब्ध कराती है।

गौरव सिंह के अनुसार, उनकी एजेंसी ने 1 जनवरी 2026 को एसबीआई को अनुबंध के तहत 65 हाउसकीपिंग कर्मचारी उपलब्ध कराए थे। इनमें कुछ स्थानीय कर्मचारी भी शामिल थे, जिन्हें बैंक के अनुरोध पर एजेंसी से जोड़ा गया था। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की तैनाती और कार्य आवंटन का निर्णय पूरी तरह बैंक करता है।

उन्होंने बताया कि एसबीआई ने इन्हीं कर्मचारियों में से कुछ को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े नकदी प्रबंधन कार्य में लगाया था। इसलिए उनकी एजेंसी की भूमिका केवल कर्मचारियों की उपलब्धता तक सीमित थी।

मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने एजेंसी के लखनऊ कार्यालय से संपर्क कर अनुबंध, कर्मचारियों की नियुक्ति और अन्य दस्तावेजों की जानकारी मांगी थी। गौरव सिंह ने कहा कि एजेंसी ने जांच में पूरा सहयोग किया है और सभी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध करा दिए हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी कंपनी सैनिक सिक्योरिटी सर्विसेज है, जबकि राम मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का अनुबंध SIS कंपनी के पास है। दोनों कंपनियां अलग-अलग हैं और उनकी एजेंसी का मंदिर प्रशासन से कोई सीधा अनुबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कर्मचारियों की तैनाती और जिम्मेदारियों पर अंतिम जानकारी एसबीआई ही दे सकता है।

Comments are closed.