कनाडा में बढ़ी चिंता: अल्बर्टा सरकार ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग को आतंकी संगठन घोषित करने की मांग की
कनाडा में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए अल्बर्टा प्रांत की सरकार ने इस गैंग को आतंकवादी संगठन घोषित करने की मांग की है। प्रीमियर डेनियल स्मिथ और पब्लिक सेफ्टी मंत्री माइक एलिस ने कहा है कि बिश्नोई गैंग अब एक वैश्विक आपराधिक नेटवर्क बन चुका है, जो कनाडा की सुरक्षा और दक्षिण एशियाई समुदाय की शांति के लिए बड़ा खतरा है।
‘यहां आपका स्वागत नहीं’ – अल्बर्टा की दोटूक चेतावनी
अपने संयुक्त बयान में स्मिथ और एलिस ने कहा, “लॉरेंस बिश्नोई गैंग एक ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गेनाइजेशन है, जो उगाही, ड्रग तस्करी, हिंसा और टारगेट किलिंग जैसी संगीन वारदातों में शामिल है। इसकी गतिविधियां सीमाएं नहीं मानतीं और कनाडा में इसके लिए कोई जगह नहीं है।” उन्होंने सख्त लहजे में कहा, “यहां आपका स्वागत नहीं है।”
पहले ब्रिटिश कोलंबिया ने भी जताई थी चिंता
इससे पहले ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के प्रीमियर डेविड एबी ने भी इसी तरह की चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि बिश्नोई गैंग जबरन वसूली, गोलीबारी और आगजनी की घटनाओं में शामिल है, जिनका असर वैंकूवर से लेकर एडमॉन्टन और ब्रैम्पटन तक देखा गया है। उनका मानना था कि आतंकवादी संगठन घोषित होने से जांच एजेंसियों को अधिक कानूनी शक्तियां मिलेंगी।
दक्षिण एशियाई समुदाय हो रहा प्रभावित
दोनों प्रांतों की सरकारों का कहना है कि बिश्नोई गैंग खासकर दक्षिण एशियाई मूल के कनाडाई नागरिकों और व्यापारियों को निशाना बना रहा है, जिससे समुदाय में भय का माहौल है।
संघीय सरकार से कार्रवाई की अपील
अल्बर्टा सरकार ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से अपील की है कि वे इस गैंग को आतंकी संगठन घोषित करें। “अब वक्त है कड़ी कार्रवाई का,” स्मिथ और एलिस ने कहा। “इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए संघीय स्तर पर ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।”
Comments are closed.