उत्तराखंड के 8 जिलों में अगले 4 दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट, स्कूल बंद, घर से निकलने पर पाबंदी जैसी सलाह
उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, धराली में राहत अभियान जारी
धराली में बादल फटने के बाद उत्तराखंड में मौसम बिगड़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने पौड़ी गढ़वाल, टिहरी, उत्तरकाशी, देहरादून, चंपावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल में 12 अगस्त तक भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। सभी स्कूल बंद हैं और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है।
धराली आपदा में 60 से अधिक लोग लापता हैं। अब तक 274 लोगों को बचाया गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मौके पर जाकर राहत कार्यों की समीक्षा की। पौड़ी गढ़वाल के पाबौ और थलीसैंण में भी बादल फटने से जनहानि और बुनियादी ढांचे को नुकसान हुआ है।
चमोली जिले के सलधार में लगातार बारिश से राजमार्ग का 20 मीटर हिस्सा बह गया है, जिसे बहाल करने के लिए तेज़ी से काम जारी है।
हिमाचल में भी तबाही
हिमाचल में रुक-रुककर बारिश जारी है। शिमला के रामपुर में बादल फटने से अचानक बाढ़ आई। भूस्खलन के चलते तीन राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 496 सड़कें बंद हैं। मानसून में अब तक 108 लोगों की मौत, 36 लोग लापता और 1,900 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
दिल्ली-एनसीआर का हाल
8 से 10 अगस्त तक हल्की बारिश और गरज के आसार हैं। अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री सेल्सियस और उमस बनी रहने का अनुमान है।
Comments are closed.