दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुआ धमाका अब आतंकी हमला माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह धमाका फिदायीन हमले की साजिश का हिस्सा हो सकता है। कार में विस्फोटक लगाया गया था, और धमाके के बाद घटनास्थल से कई अहम सुराग मिले हैं।
जिस i20 कार में धमाका हुआ, उसके मालिक तारिक को पुलवामा से हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इस हमले के तार फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल एजेंसियां कई कोणों से जांच में जुटी हैं। खुफिया एजेंसियों को शक है कि कार में सवार व्यक्ति डॉक्टर उमर मोहम्मद था — जो फरीदाबाद मॉड्यूल से जुड़ा एक फरार आतंकी बताया जा रहा है। पुलिस ने मृत व्यक्ति का डीएनए सैंपल लिया है ताकि उसकी पहचान की जा सके।
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में यूएपीए (UAPA), हत्या, हत्या के प्रयास और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसमें करीब 10 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए। धमाके की तीव्रता से आसपास खड़ी गाड़ियों में भी आग लग गई। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा से घटना की रिपोर्ट ली और घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एनआईए, एनएसजी और फोरेंसिक टीमों ने इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह हमला किसी बड़े नेटवर्क की कड़ी तो नहीं।
Comments are closed.