महाराष्ट्र की 29 नगर निकायों के चुनाव की मतगणना आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
राज्यभर के 893 वार्डों में कुल 2,869 सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिनमें मुंबई महानगरपालिका (BMC) की 227 सीटें भी शामिल हैं। इन शहरी निकायों में कुल 3.48 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे, जबकि 15,931 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे थे।
गुरुवार को हुए मतदान में औसतन 46 से 50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वोटिंग के बाद आए Axis My India, JVC, सकाल और प्रजा जैसे एग्जिट पोल्स में संकेत मिले हैं कि बीएमसी पर 27 वर्षों से चला आ रहा ठाकरे गुट का दबदबा कमजोर पड़ सकता है, जबकि BJP+ गठबंधन के स्पष्ट बहुमत की संभावना जताई जा रही है।
एशिया की सबसे अमीर नगर पालिका है BMC
मुंबई महानगरपालिका न सिर्फ देश बल्कि एशिया की सबसे समृद्ध नगर पालिकाओं में शामिल है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बीएमसी का बजट ₹74,400 करोड़ से अधिक प्रस्तावित है।
बीएमसी के अलावा नवी मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, पिंपरी-चिंचवड़, सोलापुर और अमरावती समेत कुल 29 नगर निकायों में मतदान हुआ था। आज आने वाले नतीजे तय करेंगे कि अगले पांच वर्षों तक महाराष्ट्र के शहरी निकायों की सत्ता किसके हाथ में रहेगी।
चुनाव से जुड़े प्रमुख तथ्य
कुल नगर निकाय: 29
कुल वार्ड: 893
कुल सीटें: 2,869
बीएमसी सीटें: 227
कुल उम्मीदवार: 15,931
कुल मतदाता: 3.48 करोड़
मतदान समय: सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
प्रमुख शहरों में मतदान प्रतिशत
- मुंबई – 41.08%
- पुणे – 36.95%
- नागपुर – 41.23%
- छत्रपति संभाजीनगर – 43.67%
- नासिक – 39.64%
2017 के बाद पहली बार चुनाव
महाराष्ट्र में ये नगर निकाय चुनाव 2017 के बाद पहली बार कराए गए हैं, जिससे इन नतीजों का राजनीतिक महत्व और भी बढ़ गया है।
Comments are closed.