रूस के उफा में यूनिवर्सिटी हॉस्टल में चाकू हमला, चार भारतीय छात्र घायल
रूस के उफा शहर में एक यूनिवर्सिटी के छात्रावास में हुए चाकू हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं। मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना की पुष्टि की है।
यह हमला रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल के स्पोर्ट्स हॉल में हुआ। स्थानीय मीडिया में खबर सामने आने के कुछ घंटों बाद भारतीय दूतावास का आधिकारिक बयान जारी किया गया।
कैसे हुआ हमला?
रूस के गृह मंत्रालय के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि चाकू से लैस एक किशोर उफा की स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुसा और वहां मौजूद छात्रों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान कई छात्र घायल हो गए।
दो पुलिसकर्मी भी घायल
आरटीवीआई डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क ने बताया कि हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके दौरान दो पुलिस अधिकारियों को भी चाकू लग गया। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी नुकसान पहुंचाया।
भारतीय दूतावास का बयान
घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भारतीय दूतावास ने कहा,
“इस हमले में चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं।”
दूतावास ने यह भी बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है और कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायलों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए उफा रवाना हो गए हैं।
घायलों की हालत क्या है?
रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमले में घायल चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंत्रालय ने बताया कि एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि तीन अन्य की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर है।
हमलावर कौन था?
‘बाजा’ टेलीग्राम चैनल के मुताबिक, हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चैनल ने यह भी दावा किया है कि संदिग्ध का संबंध एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से था।
उच्चस्तरीय जांच शुरू
मॉस्को से करीब 1200 किलोमीटर दूर स्थित उफा में इस घटना को लेकर उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।
रेन टीवी ने एम्बुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल ले जाते हुए फुटेज दिखाए हैं। चैनल के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटनास्थल पर “चारों ओर खून फैला हुआ था।”
Comments are closed.