लीबिया तक पहुंचा यूक्रेन का ड्रोन हमला, 2,400 किमी दूर रूसी जहाज को बनाया निशाना; कैसे रची गई पूरी रणनीति?

1

रूस के लिए समुद्र में बढ़ा खतरा! लीबिया में 2,400 किमी दूर यूक्रेन ने उड़ाया रूसी युद्धपोत, जानें कैसे हुआ हमला

रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग का दायरा अब काला सागर से निकलकर भूमध्य सागर और बाल्टिक सागर तक पहुंच गया है। यूक्रेन लगातार अपने नौसैनिक ड्रोन अभियानों का विस्तार कर रहा है और रूस के समुद्री सैन्य संसाधनों को निशाना बना रहा है। इसी कड़ी में यूक्रेन ने अपनी सीमा से करीब 2,400 किलोमीटर दूर लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर खड़े रूसी नौसेना के युद्धपोत मर्करी पर हमला किया। हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और वह समुद्र में डूब गया।

‘द वॉर जोन’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला 22 नवंबर को पूर्वी लीबिया के बेनगाजी बंदरगाह पर किया गया। यूक्रेनी नौसैनिक ड्रोनों ने रूसी युद्धपोत मर्करी के साथ एक रूसी मालवाहक जहाज को भी निशाना बनाया।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने 23 नवंबर को इस अभियान की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि युद्धपोत को नष्ट करने के लिए यूक्रेन में विकसित सात नौसैनिक ड्रोनों का इस्तेमाल किया गया। यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (SBU) ने दावा किया कि हमले में जहाज पर मौजूद रूसी केए-27 सैन्य हेलीकॉप्टर भी तबाह हो गया। सैटेलाइट तस्वीरों में युद्धपोत आग की चपेट में दिखाई दिया, जिसके बाद वह पलटकर समुद्र में डूब गया।

मदरशिप से लॉन्च किए गए ड्रोन, हजारों किलोमीटर दूर पहुंचा हमला

यूक्रेन ने इतनी लंबी दूरी तक नौसैनिक ड्रोन कैसे पहुंचाए, इसे लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। यूक्रेनी सुरक्षा सेवा के मुताबिक, सातों ड्रोन को पहले एक निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया और फिर एक मदरशिप से लॉन्च किया गया। हालांकि, एजेंसी ने न तो उस जहाज की पहचान बताई और न ही उसके रवाना होने की जगह या ड्रोनों के रास्ते का खुलासा किया।

समाचार एजेंसी AP के अनुसार, लीबिया के दो सैन्य अधिकारियों ने दावा किया कि ड्रोन पश्चिमी लीबिया में यूक्रेनी बलों के एक ठिकाने से छोड़े गए थे। उनके मुताबिक, रास्ते में कम से कम चार ड्रोन रोक दिए गए, जबकि दो रूसी युद्धपोत से टकराए।

लीबिया में यूक्रेन के 200 से अधिक सैन्य विशेषज्ञों की मौजूदगी का दावा

इस हमले के पीछे लीबिया में यूक्रेन की कथित सैन्य मौजूदगी को अहम माना जा रहा है। फ्रांसीसी प्रसारक रेडियो फ्रांस इंटरनेशनेल (RFI) ने अप्रैल 2026 की एक जांच रिपोर्ट में लीबिया के दो सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि पश्चिमी लीबिया के तीन ठिकानों पर 200 से अधिक यूक्रेनी सैन्य अधिकारी और विशेषज्ञ तैनात हैं।

इन ठिकानों में मिसराता की एक वायुसेना अकादमी, जाविया में मेलिताह तेल एवं गैस परिसर के पास स्थित एक केंद्र और त्रिपोली के नजदीक लीबिया की 111वीं ब्रिगेड का मुख्यालय शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जाविया स्थित केंद्र पर हवाई और नौसैनिक ड्रोन लॉन्च करने से संबंधित उपकरण भी मौजूद हैं।

सूत्रों का दावा है कि अक्टूबर 2025 में हुए एक कथित समझौते के तहत यूक्रेन को लीबिया में सैन्य मौजूदगी स्थापित करने की अनुमति मिली थी। इसके बदले यूक्रेनी विशेषज्ञों को लीबियाई सुरक्षा बलों को ड्रोन युद्ध का प्रशिक्षण देना था। हालांकि, इस समझौते की पुष्टि दोनों देशों की सरकारों ने सार्वजनिक रूप से नहीं की है।

रूसी जहाजों को भूमध्य सागर में पहले भी बनाया गया निशाना

बेनगाजी हमला रूस से जुड़े जहाजों पर यूक्रेन की कार्रवाई का अकेला मामला नहीं है। RFI की रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2025 में रूसी टैंकर केंडिल पर हमला मिसराता क्षेत्र से किया गया था। वहीं, मार्च 2026 में रूसी एलएनजी जहाज आर्कटिक मेटागैज को निशाना बनाया गया। इस हमले में कथित तौर पर मेलिताह केंद्र से लॉन्च किए गए मागुरा V5 नौसैनिक ड्रोनों का इस्तेमाल हुआ था।

इसके अलावा, बेनगाजी हमले से एक दिन पहले 21 नवंबर को फिनलैंड की खाड़ी में रूस के रक्षा मंत्रालय से जुड़े मालवाहक जहाज स्पार्टा-II पर भी संदिग्ध ड्रोन हमला हुआ था। हमले के दौरान जहाज में आग लगने की खबर सामने आई थी। उस समय यह जहाज रूस के कलिनिनग्राद क्षेत्र की ओर जा रहा था।

रॉयल यूनाइटेड सर्विसेज इंस्टीट्यूट के विश्लेषक जलेल हरचौई ने AP को बताया कि ग्रेटर त्रिपोली क्षेत्र में यूक्रेनी सैन्य कर्मियों की मौजूदगी संभव है। उन्होंने इसके पीछे पश्चिमी देशों की जानकारी और संभावित समर्थन की ओर भी इशारा किया। हालांकि, यूक्रेन ने लीबिया में अपनी सैन्य तैनाती की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं, त्रिपोली सरकार के रक्षा मंत्रालय ने विदेशी देशों के खिलाफ हमलों के लिए अपने सैन्य ठिकानों के इस्तेमाल की अनुमति देने से इनकार किया है।

रूस के लिए मर्करी युद्धपोत का नुकसान क्यों है अहम?

रूसी नौसेना के लिए मर्करी का महत्व केवल उसकी युद्धक क्षमता तक सीमित नहीं था। यह भूमध्य सागर में रूसी सैन्य काफिलों की सुरक्षा करने वाले प्रमुख जहाजों में शामिल था।

यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के अनुसार, मर्करी नियमित रूप से रूसी नौसैनिक काफिलों को सुरक्षा देता था। इनमें मालवाहक जहाज एमवी अंगारा भी शामिल था, जिसका इस्तेमाल सीरियन एक्सप्रेस और लीबियन एक्सप्रेस आपूर्ति मार्गों पर सैन्य उपकरण पहुंचाने के लिए किया जाता था।

मई 2023 में रूसी नौसेना में शामिल हुआ मर्करी प्रोजेक्ट 20380 स्टेरेगुश्ची श्रेणी का युद्धपोत था। इसका वजन करीब 2,200 टन और लंबाई 104.5 मीटर थी। यह 27 समुद्री मील की अधिकतम रफ्तार से चलने में सक्षम था और इसमें लगभग 100 नौसैनिकों का दल तैनात रहता था।

हथियारों की बात करें तो यह आठ Kh-35 एंटी-शिप मिसाइलों, रेडुट एयर डिफेंस सिस्टम, 100 एमएम की नौसैनिक तोप और टॉरपीडो से लैस था। इसके अलावा इसमें केए-27 नौसैनिक हेलीकॉप्टर संचालित करने की क्षमता भी थी।

मर्करी के नष्ट होने से रूस को एक आधुनिक बहुउद्देशीय युद्धपोत का नुकसान हुआ है। साथ ही भूमध्य सागर में सैन्य आपूर्ति वाले जहाजों को सुरक्षा देने की उसकी क्षमता भी प्रभावित हो सकती है। यूक्रेन की इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि समुद्री युद्ध में लंबी दूरी के ड्रोन अब पारंपरिक भौगोलिक सीमाओं को चुनौती देने का एक महत्वपूर्ण हथियार बन चुके हैं।

Comments are closed.