जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन ने संसदीय चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।
ताकाइची की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। इस बड़ी जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। जापानी मीडिया के मुताबिक, यह जीत ताकाइची की मजबूत लोकप्रियता और निर्णायक नेतृत्व का नतीजा मानी जा रही है। चुनाव परिणाम आने के बाद सार्वजनिक प्रसारक NHK को दिए इंटरव्यू में ताकाइची ने कहा कि उनकी सरकार अब ऐसी नीतियों को आगे बढ़ाएगी, जिनसे जापान को अधिक मजबूत और समृद्ध बनाया जा सके।
पीएम मोदी का बधाई संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,
“सनाए ताकाइची, प्रतिनिधि सभा के चुनावों में ऐतिहासिक जीत पर आपको हार्दिक बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में भारत-जापान की मित्रता और मजबूत होगी।”
निचले सदन में रिकॉर्ड प्रदर्शन
NHK के अनुसार, वोटों की गिनती के बाद LDP ने 465 सदस्यीय निचले सदन (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) में 316 सीटें जीत ली हैं। यह 261 सीटों के साधारण बहुमत से कहीं अधिक है और पार्टी के इतिहास का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन माना जा रहा है। 1955 में पार्टी की स्थापना के बाद यह पहली बार है जब LDP ने इतनी बड़ी संख्या में सीटें हासिल की हैं। इससे पहले 1986 में पूर्व प्रधानमंत्री यासुहिरो नाकासोन के नेतृत्व में पार्टी ने 300 सीटें जीती थीं।
एजेंडे को आगे बढ़ाने की मिलेगी ताकत
हालांकि ऊपरी सदन में LDP के पास पूर्ण बहुमत नहीं है, लेकिन निचले सदन में मिली भारी जीत से ताकाइची को अपने दक्षिणपंथी एजेंडे को आगे बढ़ाने में मजबूती मिलेगी। इसमें आर्थिक सुधार, रक्षा क्षमताओं का विस्तार और अमेरिका के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना शामिल है—खासकर ऐसे समय में जब चीन के साथ क्षेत्रीय तनाव बढ़ा हुआ है।
ताकाइची ने कहा कि वह विपक्ष का समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगी और जरूरत पड़ने पर लचीला रुख अपनाएंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पद संभालने के महज तीन महीने बाद चुनाव कराने का फैसला उनकी लोकप्रियता और बदलते राजनीतिक माहौल को देखते हुए लिया गया था।
Comments are closed.