सावन का दूसरा सोमवार: काशी विश्वनाथ से महाकालेश्वर तक शिवभक्ति में डूबे श्रद्धालु, गूंजा बम-बम भोले

2

सावन का दूसरा सोमवार: देशभर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, ‘बम-बम भोले’ से गूंजे मंदिर परिसर

श्रावण मास के दूसरे सोमवार को देशभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही शिवालयों में ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, बाबा बैद्यनाथ, मुक्तेश्वरनाथ, नागेश्वरनाथ और मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर सहित कई प्रमुख शिवधामों में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

बाबा गरीबनाथ धाम में हजारों कांवड़िए पहुंचे

मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। हर साल की तरह इस बार भी हजारों कांवड़िए पहलेजा घाट (वैशाली) से गंगाजल लेकर करीब 40 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक किया। प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जलाभिषेक अरघा सिस्टम के माध्यम से कराया जा रहा है, जिससे भक्तों को सुगमता से दर्शन और पूजा का अवसर मिल सके।

प्रशासन ने कांवड़ियों के लिए विशेष प्रबंध किए हैं—पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, रुकने के स्थान और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। अनुमान है कि सावन के इस दूसरे सोमवार को गरीबनाथ मंदिर में तीन से चार लाख श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचे।

हर शिवालय पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त

सावन की सोमवारी को देखते हुए राज्य और स्थानीय प्रशासन ने सभी प्रमुख शिव मंदिरों में सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और मंदिर परिसरों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। मंदिरों को फूलों, झालरों और रोशनी से सजाया गया है, जिससे वातावरण और भी आध्यात्मिक और भव्य बन गया है।

Comments are closed.