दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा, हवा की गुणवत्ता गंभीर बनी

3

राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में आज भयंकर कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।

घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भारी असर पड़ा है। हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए, जबकि दिल्ली आने-जाने वाली कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। उड़ानों पर भी कोहरे का सीधा असर पड़ा है।

कोहरे के साथ शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे सुबह-शाम तेज ठंड महसूस की जा रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार, 12 जनवरी को अगले दो दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

3 डिग्री से नीचे गिरा पारा

सोमवार को दिल्ली के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। एनसीआर के रेवाड़ी में तापमान शून्य से नीचे गिरकर -0.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन तक हालात में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।

पालम इलाके में न्यूनतम तापमान पिछले 13 वर्षों में सबसे कम रहा। यहां पारा सामान्य से 4.3 डिग्री नीचे 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 7 जनवरी 2013 को पालम में 2.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। पालम में अब तक का सबसे कम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस 11 जनवरी 1967 को रिकॉर्ड किया गया था।

प्रदूषण ने बढ़ाया संकट

ठंड और कोहरे के बीच दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण भी खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। आज सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार दर्ज किया गया, जो ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में आता है। सोमवार को यह स्तर कुछ कम, करीब 300 के आसपास था।

स्थान AQI श्रेणी
आनंद विहार 405 बेहद गंभीर
बवाना 375 बहुत खराब
द्वारका 376 बहुत खराब
IGI एअरपोर्ट 291 खराब
ITO दिल्ली 335 बहुत खराब
जहांगीरपुरी 373 बहुत खराब
मुंडका 363 बहुत खराब
नरेला 368 बहुत खराब
रोहिणी 392 बहुत खराब
सोनिया विहार 335 बहुत खराब
वजीरपुर 372 बहुत खराब
गाजियाबाद 316 बहुत खराब
नोएडा 337 बहुत खराब
गुरुग्राम 405 बेहद गंभीर

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह सात बजे आनंद विहार में AQI 405, आईजीआई एयरपोर्ट क्षेत्र में 291 दर्ज किया गया। एनसीआर में गाजियाबाद का AQI 316, नोएडा का 337 और गुरुग्राम का 405 के पार रहा।

ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार

दिल्ली-एनसीआर के लोग इस समय दोहरी मार झेल रहे हैं। एक ओर कड़ाके की ठंड है, तो दूसरी ओर जहरीली हवा। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं की शिकायतें बढ़ रही हैं।

कोहरे ने थामी रफ्तार

घने कोहरे के कारण कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। वाहन चालकों को फॉग लाइट और इंडिकेटर जलाकर गाड़ी चलानी पड़ रही है। कोहरे का सबसे ज्यादा असर रेल और हवाई यातायात पर दिख रहा है, जहां कई सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

जरूरी सावधानियां

  • अधिकांश इलाकों में AQI 300 से ऊपर, स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा
  • सुबह और देर रात बाहर निकलने से बचें
  • बाहर जाते समय N95 मास्क का इस्तेमाल करें
  • शीतलहर का अलर्ट जारी

IMD के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में अगले दो-तीन दिनों तक शीतलहर से लेकर गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है।

Comments are closed.