पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में मंगलवार को उस समय हंगामा मच गया, जब दो कोचिंग संस्थानों से जुड़े छात्रों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
घटना के दौरान पथराव और कथित फायरिंग की सूचना मिली, जबकि खान क्लासेस के एक सुरक्षा गार्ड के घायल होने की भी खबर है। घायल गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, खान क्लासेस और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद जल्द ही उग्र हो गया। दोनों पक्षों के समर्थकों और कुछ अन्य लोगों के शामिल होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। इस दौरान जमकर पथराव हुआ और कई राउंड फायरिंग किए जाने के आरोप भी सामने आए, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना के दौरान खान क्लासेस के बाहर लगे बैनर को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और कई थानों की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजेय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी के आरोप लगाए हैं। खान क्लासेस की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है, जबकि ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से भी इसी तरह के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घटना के बाद खान सर ने कहा कि उनके संस्थान को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कम फीस में शिक्षा उपलब्ध कराने और बेहतर परिणाम देने की वजह से कुछ लोगों को परेशानी है। उन्होंने प्रशासन से संस्थान और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
खान सर ने यह भी आरोप लगाया कि उपद्रवियों ने संस्थान के कार्यालय में तोड़फोड़ की और गोलीबारी की। उनके अनुसार, घटना से जुड़े लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस अब फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments are closed.