मिडिल ईस्ट में ताकत का प्रदर्शन: ईरान की तरफ अमेरिका ने भेजा बड़ा जंगी बेड़ा

2

अमेरिकी नौसेना का एक बड़ा जंगी बेड़ा खाड़ी की ओर रवाना हो रहा है, जिससे ईरान को लेकर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की अटकलें तेज हो गई हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को इस सैन्य तैनाती की पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिका ईरान की गतिविधियों पर करीबी नजर रखे हुए है।

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम से लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “हमारे कई जहाज उस दिशा में जा रहे हैं। एक बड़ी अमेरिकी फोर्स ईरान की ओर बढ़ रही है। मैं नहीं चाहता कि कुछ हो, लेकिन हम उन पर बहुत करीब से नजर रख रहे हैं।” उन्होंने इसे एक बड़ा बेड़ा बताया, हालांकि यह भी जोड़ा कि इसका इस्तेमाल करना जरूरी न भी पड़े।

USS अब्राहम लिंकन के साथ युद्धपोत तैनात

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, आने वाले दिनों में एक एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप मिडिल ईस्ट पहुंचेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन, उसके साथ कई विध्वंसक और अन्य वॉरशिप्स पिछले सप्ताह एशिया-पैसिफिक क्षेत्र से रवाना हो चुके हैं।

दबाव और बातचीत—दोनों संकेत

ट्रंप ने दोहराया कि तेहरान के खिलाफ सख्त रुख के चलते बड़े पैमाने पर फांसी दिए जाने की कथित योजना रुकी थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान से बातचीत के लिए तैयार है। इससे पहले व्हाइट हाउस ने संकेत दिया था कि ईरान पर तत्काल सैन्य कार्रवाई की संभावना कम है, लेकिन गुरुवार के बयान से साफ है कि सैन्य तैयारियां जारी हैं।

बढ़ता तनाव, अतिरिक्त सुरक्षा विकल्प

यह मूवमेंट ऐसे समय में हो रहा है जब ईरान में विरोध प्रदर्शनों के दमन के बाद वॉशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि मिडिल ईस्ट में अतिरिक्त एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने पर भी विचार किया जा रहा है। ट्रंप इससे पहले प्रदर्शनकारियों की मौतों को लेकर ईरान को कड़ी चेतावनी दे चुके हैं।

ईरान में हालात पर चिंता

ईरान ने बुधवार को पहली बार विरोध प्रदर्शनों में मारे गए लोगों के आंकड़े जारी किए, जिनमें 3,117 मौतों की बात कही गई है। मानवाधिकार संगठनों का कहना है कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। 8 जनवरी से देश में इंटरनेट प्रतिबंध जारी हैं, जिससे जानकारी बाहर आना सीमित बना हुआ है।

Comments are closed.