उत्तराखंड में शुष्क मौसम के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के समय तेज धूप खिलने से गर्मी का एहसास होने लगा है, जबकि सुबह और शाम के वक्त ठिठुरन भरी ठंड अभी भी बनी हुई है।
पर्वतीय इलाकों में भी शुष्क मौसम के चलते दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
मंगलवार को देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में चटक धूप खिली रही, जिससे दिन के तापमान में इजाफा हुआ। इसके बावजूद सुबह और शाम के समय ठंड का असर बरकरार रहा। शुष्क मौसम और धूप की वजह से अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब साढ़े छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया। मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों की बात करें तो मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 15.5 और न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 15.1 और न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि आज प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं पाला पड़ने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार को पहाड़ों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
Comments are closed.