हल्का सुधार, पर हवा अब भी जहरीली: GRAP-4 के बीच दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण गंभीर

1

दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया है, लेकिन इसके बावजूद राजधानी और आसपास के इलाकों में प्रदूषण गंभीर स्तर पर बना हुआ है। GRAP स्टेज-4 की सख्त पाबंदियां लागू रहने के बावजूद जहरीली धुंध की मोटी परत लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया। सोमवार शाम चार बजे राजधानी का औसत AQI 427 रिकॉर्ड किया गया था। बीते 24 घंटे में AQI में गिरावट जरूर दर्ज की गई है, लेकिन हालात अब भी चिंताजनक हैं।

दिल्ली में कहां कितना AQI
राजधानी के कई इलाकों में AQI 300 के आसपास बना हुआ है। रोहिणी में 316, नरेला और ITI शाहदरा में 312-312, जहांगीरपुरी में 310 और DTU दिल्ली में 301 AQI दर्ज किया गया, जो सभी गंभीर श्रेणी में आते हैं।
वहीं श्रीनिवासपुरी (294), सत्यावती कॉलेज (289), सोनिया विहार (282), पूसा (280) और डीयू नॉर्थ कैंपस (277) में हवा बेहद खराब श्रेणी में रही।

एनसीआर के शहरों में भी हालात खराब
एनसीआर के अन्य शहरों में भी प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। नोएडा के सेक्टर-1 में AQI 288 और सेक्टर-125 में 255 रहा, जबकि नॉलेज पार्क-5 में 241 दर्ज किया गया। गाजियाबाद के संजय नगर में AQI 230 और लोनी में 202 रिकॉर्ड किया गया।

उड़ानों पर भी पड़ा असर
प्रदूषण और घनी धुंध का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को 131 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि करीब 400 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। कम दृश्यता के चलते कई उड़ानों को डायवर्ट भी किया गया।

विशेषज्ञों की सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में बदलाव और तेज हवाएं चलने तक प्रदूषण से तत्काल राहत मिलना मुश्किल है। लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

Comments are closed.