मैदानी इलाकों में मार्च की गर्मी, पहाड़ों पर बर्फबारी; IMD ने बताया कहां होगी बारिश

2

देश में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मार्च की शुरुआत में ही मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने लगी है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक उत्तर भारत के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और कुछ जगहों पर लू जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। आईएमडी का अनुमान है कि अगले दो हफ्तों तक देश के कई मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में फिर से बर्फबारी दर्ज की गई है। राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो-तीन दिनों तक बादल छाए रहने और तापमान में हल्की गिरावट की संभावना जताई गई है।

कई राज्यों में लू का असर

मौसम विभाग के अनुसार हाल के दिनों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू जैसी स्थिति देखने को मिली है। हिमाचल प्रदेश में 7 से 11 मार्च के बीच कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति दर्ज की गई। वहीं गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ और गुजरात क्षेत्र में 10 और 11 मार्च को तेज गर्मी रही। कोकण क्षेत्र में भी 11 मार्च को लू का असर देखा गया।

आईएमडी के मुताबिक गुजरात और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश में आज भी लू की स्थिति बने रहने की संभावना है, जिसके बाद धीरे-धीरे राहत मिल सकती है।

इन राज्यों में बारिश का अनुमान

पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज, जबकि अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आज और कल बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 और 17 मार्च के दौरान बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इसके अलावा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 14 से 16 मार्च के बीच गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। मध्य भारत में 14 और 16 मार्च को तथा पूर्वी भारत में 15 से 17 मार्च के बीच गरज और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में बदल सकता है मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

14 और 15 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों के साथ-साथ गंगानगर और हनुमानगढ़ के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 19 से 21 मार्च के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे कुछ इलाकों में आंधी और बारिश की स्थिति बन सकती है।

हिमाचल में अलग-अलग दिखा मौसम

हिमाचल प्रदेश में एक ही समय में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिला। लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि निचले पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। वहीं मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहा और कुछ जगहों पर गर्मी का असर भी देखने को मिला।

लाहौल-स्पीति के जिस्पा, दारचा और शिंकुला में बर्फबारी हुई, जबकि हंसा में करीब 2.5 सेंटीमीटर बर्फ दर्ज की गई। वहीं भरमौर, गोंडला, केलांग, भुंतर और धर्मशाला समेत कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली का मौसम

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज और कल हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 मार्च को दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।

Comments are closed.