फिलिस्तीन को लेकर बयान पड़ा भारी, स्टैंड-अप कॉमेडियन शेरोन वर्मा ट्रोलिंग की चपेट में

3

स्टैंड-अप कॉमेडियन शेरोन वर्मा, जो कॉमेडी शो India’s Got Latent में अपने लोकप्रिय किरदार ‘वीक इंडिपेंडेंट गर्ल’ के लिए जानी जाती हैं, हाल ही में एक परफॉर्मेंस के दौरान किए गए मजाक को लेकर सोशल मीडिया पर विवादों में आ गई हैं।

यह विवाद तब शुरू हुआ, जब उनके लाइव शो का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने “Free Palestine” का जिक्र किया था।

क्या है पूरा मामला?

लाइव परफॉर्मेंस के दौरान शेरोन ने एक ट्रोल का कमेंट पढ़ा, जिसमें लिखा था कि उन्हें “रसोई में जाकर बर्तन धोने चाहिए।” इसके बाद उन्होंने कमेंट करने वाले व्यक्ति की प्रोफाइल का जिक्र करते हुए बताया कि उसकी बायो में “Free Palestine” लिखा हुआ था। इसी संदर्भ में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर बड़े वैश्विक मुद्दों की बात करते हैं, वे खुद लैंगिक सोच से बाहर नहीं निकल पाते और महिलाओं को किचन तक सीमित देखना चाहते हैं।

शो के दौरान इस मजाक पर मौजूद दर्शक हंसे, लेकिन जब इस परफॉर्मेंस की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तो इस पर तीखी बहस शुरू हो गई।

विवाद क्यों बढ़ा?

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने शेरोन के मजाक को असंवेदनशील करार दिया। आलोचकों का कहना है कि एक गंभीर और संवेदनशील भू-राजनीतिक मुद्दे को कॉमेडी से जोड़ना उचित नहीं है। कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि इस तरह के मजाक पीड़ितों के दर्द को नजरअंदाज करते हैं और इसे “परफॉर्मेटिव व्यंग्य” बताया।

समर्थन में भी उतरे लोग

वहीं, शेरोन वर्मा के समर्थकों ने उनके बचाव में तर्क दिए। उनका कहना है कि कॉमेडियन ने न तो फिलिस्तीन और न ही वहां के लोगों का मजाक उड़ाया, बल्कि सोशल मीडिया पर दिखावे वाली सक्रियता और लैंगिक भेदभाव वाली सोच पर कटाक्ष किया। समर्थकों के मुताबिक, शेरोन का निशाना किसी समुदाय या मुद्दे पर नहीं, बल्कि उस व्यक्ति की दोहरी मानसिकता पर था, जो एक ओर वैश्विक न्याय की बात करता है और दूसरी ओर महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच रखता है।

Comments are closed.