कंबोडिया-थाईलैंड संघर्ष पर ब्रेक: ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ सीजफायर समझौता
कंबोडिया और थाईलैंड के बीच हालिया सीमा विवाद पर आखिरकार संघर्षविराम की सहमति बन गई है। कंबोडिया के प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को पुष्टि की कि थाईलैंड ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर युद्धविराम को स्वीकार कर लिया है।
दोनों देशों के बीच गुरुवार से सीमा पर झड़पें जारी थीं, जिनमें अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए। रविवार सुबह तक भी गोलीबारी की खबरें आईं, लेकिन अब हालात शांत होने की ओर हैं।
सीधे बातचीत से बनी बात
राष्ट्रपति ट्रंप ने शनिवार को बताया कि उन्होंने कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट और थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथम वेचायाचाई से बातचीत कर तत्काल युद्धविराम की अपील की। ट्रंप ने इस बातचीत को “सार्थक और सकारात्मक” बताया।
कंबोडिया ने कहा है कि वह बिना शर्त युद्धविराम के लिए तैयार है और प्रधानमंत्री मानेट पहले ही इस स्थिति से आसियान के मौजूदा अध्यक्ष, मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को अवगत करा चुके हैं।
सीमा पर सुबह तक जारी रही गोलाबारी
थाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रविवार तड़के तक भी सीमा पर तनाव बना रहा। सुबह 6:40 बजे कंबोडियाई गोला थाईलैंड के सुरिन प्रांत में एक घर पर गिरा, और सुबह 7 बजे तक भारी हथियारों की आवाजें सुनी जाती रहीं। हालांकि, अमेरिका की पहल के बाद अब संघर्षविराम को लेकर कूटनीतिक प्रयास तेज हुए हैं।
Comments are closed.