पनामा में फिर कांपी धरती, 6.0 तीव्रता का भूकंप; पहले के झटकों में 900 मकान क्षतिग्रस्त
पनामा के दक्षिणी तट पर शुक्रवार को आए शक्तिशाली भूकंप के बाद सोमवार को एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के अनुसार, सोमवार को आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.0 दर्ज की गई। इसका केंद्र जमीन से करीब 35 किलोमीटर नीचे था।
इससे पहले शुक्रवार को पनामा में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इस शक्तिशाली झटके के कारण देश के मध्य प्रांतों में सैकड़ों मकानों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा था। इसके बाद 300 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए। लगातार भूकंपीय गतिविधियों और नुकसान को देखते हुए सरकार ने सप्ताहांत में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया था।
भूकंप से 27 लोग घायल, सैकड़ों घरों को नुकसान
आपातकालीन अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप के कारण अब तक किसी की मौत की सूचना नहीं है, जबकि कम से कम 27 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि करीब 900 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन जारी है। दूरदराज के इलाकों से जानकारी मिलने के बाद घायलों और क्षतिग्रस्त संपत्तियों की संख्या बढ़ सकती है।
चार प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित
भूकंप से लॉस सैंटोस, कोक्ले, वेरागुआस और हेरेरा प्रांतों में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। इन इलाकों में मकानों के साथ बुनियादी ढांचे पर भी असर पड़ा है।
शुक्रवार के शक्तिशाली भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक्स और सोमवार को आए 6.0 तीव्रता के नए झटके से स्थिति पर चिंता बनी हुई है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रहा है और हालात पर नजर रखे हुए है।
Comments are closed.