तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’ शुरू हो गई है। संभावित जोड़-तोड़ और विधायकों की टूट-फूट की आशंका के बीच AIADMK ने अपने नव-निर्वाचित विधायकों को पुडुचेरी भेज दिया है।
AIADMK के प्रवक्ता कोवई सत्यन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी विधायकों को पुडुचेरी में ठहराया गया है। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कितने विधायक वहां भेजे गए हैं और इस फैसले की आधिकारिक वजह क्या है।
सूत्रों के अनुसार, एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली AIADMK अभिनेता विजय की पार्टी TVK को सरकार बनाने के लिए बिना शर्त समर्थन देने पर विचार कर रही थी। इसको लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत भी चल रही थी, क्योंकि TVK बहुमत के आंकड़े से कुछ सीटें पीछे रह गई थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार से दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच कई दौर की चर्चा हुई। AIADMK की ओर से “स्थिर सरकार” के लिए समर्थन देने की पेशकश की गई थी। पार्टी नेताओं का कहना था कि बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकती थी, लेकिन बुधवार दोपहर के बाद TVK की तरफ से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।
इसके बाद AIADMK ने समर्थन प्रस्ताव वापस लेने का फैसला किया। पार्टी नेताओं ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी ओर से दिए गए प्रस्ताव पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली। साथ ही AIADMK ने DMK के साथ किसी भी संभावित गठबंधन की अटकलों को भी खारिज कर दिया।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि कांग्रेस द्वारा TVK को समर्थन देने और उससे “सांप्रदायिक ताकतों” से दूरी बनाए रखने की सलाह के बाद समीकरण तेजी से बदले। इसके बाद AIADMK और TVK के बीच जारी बातचीत लगभग खत्म हो गई।
AIADMK के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि अब पार्टी की प्राथमिकता अपने विधायकों को एकजुट रखना और किसी भी राजनीतिक दबाव या टूट-फूट की संभावना को रोकना है। इसी रणनीति के तहत विधायकों को पुडुचेरी भेजा गया है।
वहीं दूसरी ओर, TVK अभी भी सरकार गठन के लिए जरूरी समर्थन जुटाने में लगी हुई है। पार्टी छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों के संपर्क में है ताकि विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा हासिल किया जा सके।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। DMK को 59 सीटें मिली हैं, जबकि AIADMK ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 5 सीटें मिली हैं। इसके अलावा PMK को 4 सीटें, जबकि IUML, CPI, CPM और VCK को दो-दो सीटें मिली हैं। BJP, DMDK और AMMK ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की है।
Comments are closed.