बांग्लादेश में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। 13वें संसदीय चुनाव में प्रचंड जीत के बाद बीएनपी नेता तारिक रहमान 17 फरवरी को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
यह शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार सुबह ढाका स्थित संसद भवन के दक्षिणी प्लाज़ा में आयोजित किए जाने की संभावना है। मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
13 देशों को भेजा गया निमंत्रण
शपथ ग्रहण समारोह के लिए अब तक 13 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं को आमंत्रण भेजा गया है। इनमें भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं।
PM मोदी को भी न्योता
बीएनपी की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी औपचारिक निमंत्रण भेजा गया है। हालांकि, 17 फरवरी को मुंबई में पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के चलते उनके शामिल होने की संभावना कम बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, भारत की ओर से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ढाका में समारोह में शामिल हो सकते हैं।
दिनभर का कार्यक्रम
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह नव-निर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद शाम को नए मंत्रिमंडल का गठन होगा और कैबिनेट सदस्य शपथ लेंगे। बीएनपी के प्रवक्ता ने कहा है कि 17 फरवरी बांग्लादेश के लिए ऐतिहासिक दिन साबित होगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दक्षिण एशिया और अन्य देशों के कितने शीर्ष नेता इस समारोह में हिस्सा लेने ढाका पहुंचते हैं।
Comments are closed.