“किताब न लाने पर शिक्षक की हैवानियत, दलित छात्र को बेरहमी से पीटा”

5

दलित छात्र को किताब न लाने पर शिक्षक ने पीटा, बेहोश होने तक हुई मारपीट।

उत्तर प्रदेश के रायबरेली ज़िले में एक दलित छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि कक्षा 12 में पढ़ने वाले छात्र को हिंदी की किताब स्कूल न लाने पर शिक्षक ने इतना पीटा कि वह क्लासरूम में ही बेहोश हो गया।

घटना सलोन थाना क्षेत्र के एक स्कूल की है। पीड़ित छात्र ने आरोप लगाया कि शिक्षक ओमप्रकाश शुक्ला ने पहले उसकी जाति पूछी और उसके बाद जमकर पिटाई की। छात्र का कहना है कि उसे न केवल क्लासरूम में पीटा गया बल्कि बाहर ले जाकर भी मारपीट की गई। होश आने के बाद भी उसे घर नहीं भेजा गया और होमवर्क पूरा करने के लिए मजबूर किया गया।

छात्र के शरीर पर पिटाई के गहरे निशान पाए गए हैं। परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवार का कहना है कि शिक्षक ने धमकी भी दी कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। घटना के बाद से छात्र ने स्कूल जाना छोड़ दिया है।

फिलहाल, पुलिस और स्कूल प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Comments are closed.