इजरायली सीरीज ‘तेहरान’ की को-क्रिएटर डाना ईडन नहीं रहीं

5

इजरायली टेलीविजन इंडस्ट्री की जानी-मानी प्रोड्यूसर Dana Eden का 52 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह ग्रीस की राजधानी एथेंस के एक होटल के कमरे में मृत पाई गईं। डाना ईडन मशहूर जासूसी थ्रिलर सीरीज Tehran की निर्माता और क्रिएटर थीं।

बताया जा रहा है कि वह ‘तेहरान’ के चौथे सीजन की शूटिंग के सिलसिले में ग्रीस गई हुई थीं। रविवार को जब वह कॉल और संदेशों का जवाब नहीं दे रही थीं, तो उनके भाई होटल पहुंचे, जहां कमरे में उनका शव मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पुलिस फिलहाल मामले की जांच आत्महत्या के एंगल से कर रही है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इजराइल के सार्वजनिक प्रसारक Kan 11 ने उनके निधन की पुष्टि की और बयान जारी कर गहरा शोक व्यक्त किया।

‘तेहरान’ का प्रीमियर 2020 में हुआ था और 2021 में इसे इंटरनेशनल एमी अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ ड्रामा सीरीज का सम्मान मिला था। इस सीरीज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इजरायली कंटेंट को नई पहचान दिलाई। डाना ईडन का जाना मनोरंजन जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Comments are closed.