ईरानी नाव पर कार्रवाई से भड़का तेहरान, अराघची बोले- हमारे नागरिकों को तुरंत रिहा करे कुवैत

1

फारस की खाड़ी में एक ईरानी नाव पर कथित हमले और चार ईरानी नागरिकों की गिरफ्तारी को लेकर ईरान और कुवैत के बीच तनाव बढ़ गया है।

ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कुवैत की कार्रवाई की कड़ी आलोचना करते हुए नागरिकों की तुरंत रिहाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान अपने जवाबी कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है।

अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि कुवैत ने “फूट डालने की कोशिश” के तहत ईरानी नाव पर गैर-कानूनी हमला किया। उन्होंने दावा किया कि यह घटना उस द्वीप के पास हुई, जहां से अमेरिका कथित तौर पर ईरान के खिलाफ सैन्य गतिविधियां संचालित करता है।

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान का कहना है कि कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल ईरान विरोधी अभियानों के लिए किया जाता रहा है। इसी को लेकर ईरान ने कुवैत को चेतावनी दी है कि यदि वह भविष्य में संभावित जवाबी कार्रवाई से बचना चाहता है, तो उसे अपने क्षेत्र से अमेरिकी सेनाओं को हटाना चाहिए।

इस बीच ईरानी विदेश मंत्री ने बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त अरब अमीरात दौरे को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि ‘ऑपरेशन रोरिंग लायन’ के दौरान नेतन्याहू ने UAE का दौरा किया था, हालांकि संयुक्त अरब अमीरात ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।

वहीं, यमन के उप विदेश मंत्री ने ईरान के समर्थन में बयान जारी करते हुए कहा कि अमेरिका और इजरायल की कार्रवाइयों से पूरे क्षेत्र की स्थिरता खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने इस मुद्दे पर सभी इस्लामी देशों से एकजुट होकर ईरान का समर्थन करने की अपील भी की।

Comments are closed.