ईरान का पलटवार: यरुशलम और तेल अवीव में मिसाइल हमले, कई घायल।
ईरान ने शुक्रवार देर रात इज़रायल के खिलाफ जवाबी हवाई हमला किया, जिसमें यरुशलम और तेल अवीव में तेज़ विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गईं। यह कार्रवाई उस इज़रायली सैन्य हमले के बाद हुई है जिसे तेहरान ने “सीधी उकसावे की कार्रवाई” बताया था।
150 से अधिक मिसाइलें दागीं
‘द टाइम्स ऑफ इज़रायल’ के हवाले से एएनआई ने जानकारी दी कि ईरान ने अब तक दो चरणों में 150 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें इज़रायल की ओर दागी हैं। हमलों के दौरान पूरे देश में एयर सायरन बजने लगे और नागरिकों को शरण लेने की चेतावनी दी गई।
तेल अवीव के आकाश में मिसाइलों को उड़ते देखा गया, जबकि सेना ने पुष्टि की कि दो बार में बड़ी संख्या में मिसाइलें छोड़ी गईं।
15 से अधिक लोग घायल, रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त
चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, इज़रायल के नौ अलग-अलग स्थानों पर मिसाइलें गिरीं, जिससे कम से कम 15 लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। रमत गान इलाके में एक अपार्टमेंट ब्लॉक सहित कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है। मध्य तेल अवीव में भी एक बहुमंज़िला इमारत को भारी नुकसान हुआ है।
इज़रायली रक्षा प्रणाली और अमेरिका की मदद
इज़रायली सेना ने बताया कि ईरानी मिसाइलों में से अधिकांश को आयरन डोम रक्षा प्रणाली ने मार गिराया या वे लक्ष्य तक पहुंचने से पहले गिर गईं। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, अमेरिका ने भी कुछ मिसाइलों को इंटरसेप्ट करने में सहायता की।
ईरानी सर्वोच्च नेता की चेतावनी
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर कहा कि इज़रायल ने एक “गंभीर गलती” की है और इसके नतीजे उसे भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल पूरी तरह तैयार हैं और पूरा देश उनके साथ खड़ा है। “हम अपने शहीदों के खून का हिसाब ज़रूर लेंगे,” उन्होंने लिखा।
Comments are closed.