फ्रांस में एलन मस्क की सोशल मीडिया कंपनी X (पूर्व में ट्विटर) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है।
मंगलवार, 3 फरवरी को फ्रांसीसी अधिकारियों ने X के पेरिस स्थित कार्यालयों पर छापा मारा। यह कार्रवाई प्लेटफॉर्म पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री और डीपफेक कंटेंट के प्रसार के आरोपों की प्रारंभिक जांच के तहत की गई है। फ्रांसीसी अभियोजकों ने इस मामले में कंपनी के मालिक एलन मस्क को भी पूछताछ के लिए तलब किया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, मस्क और X की पूर्व सीईओ लिंडा याकारिनो को 20 अप्रैल को “वॉलंटरी इंटरव्यू” के लिए बुलाया गया है। साथ ही X के कुछ कर्मचारियों को भी उसी सप्ताह गवाह के तौर पर बयान दर्ज कराने के लिए कहा गया है। याकारिनो मई 2023 से जुलाई 2025 तक X की सीईओ रहीं।
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने इसे राजनीतिक हमला बताया है। X ने भी एक बयान में कहा कि उसके पेरिस कार्यालय पर छापा कानून प्रवर्तन के वैध उद्देश्यों के बजाय राजनीतिक मकसद से की गई कार्रवाई है।
इस बीच, X और एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI ब्रिटेन में भी जांच के घेरे में है। ब्रिटेन के डेटा प्राइवेसी रेगुलेटर ने यह जांच शुरू की है कि AI चैटबॉट ‘ग्रोक’ को विकसित और तैनात करते समय लोगों के व्यक्तिगत डेटा को कैसे संभाला गया। ग्रोक को xAI ने विकसित किया है और यह X प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।
पिछले महीने ग्रोक को लेकर विवाद तब बढ़ा, जब आरोप लगे कि इसके जरिए बिना सहमति के महिलाओं और बच्चों की डीपफेक तस्वीरें बनाई जा सकती हैं। इस मुद्दे ने दुनियाभर में AI के दुरुपयोग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी को लेकर बहस तेज कर दी है। फिलहाल फ्रांस और ब्रिटेन, दोनों देशों में जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
Comments are closed.