बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एयर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के पायलट अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
यह घटना टेकऑफ़ से कुछ ही समय पहले हुई। पायलट को तुरंत एयरपोर्ट से नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि पायलट अचानक क्यों बेहोश हुए।
एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, “4 जुलाई की सुबह हमारे एक पायलट को मेडिकल इमरजेंसी हुई, जिसके चलते वे बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली AI2414 उड़ान को ऑपरेट नहीं कर पाए। उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिलहाल वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।”
एयरलाइन ने बताया कि इस वजह से फ्लाइट AI2414 लगभग डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई, जिसे बाद में दूसरे पायलट ने ऑपरेट किया। एयर इंडिया ने कहा कि उनकी प्राथमिकता फिलहाल पायलट और उनके परिवार को पूरा सहयोग देना है ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।
सौभाग्य से यह घटना उड़ान भरने से पहले हुई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। यदि पायलट टेकऑफ़ के दौरान या उड़ान के बाद बेहोश होते, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
Comments are closed.