Delhi Weather Update: भीगे सावन की सौगात संग लौटी जलभराव की मुसीबत

3

सावन के पहले सोमवार को सुबह से बारिश, मौसम हुआ सुहावना लेकिन जलभराव से बढ़ीं दिक्कतें

सावन के पहले सोमवार की सुबह राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बारिश के साथ हुई, जिससे मौसम तो खुशनुमा हो गया, लेकिन जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दीं। ऑफिस जाने वाले लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा क्योंकि जलभराव की वजह से कई सड़कों पर जाम लग गया और वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े।

रविवार को दिनभर बादलों और धूप के बीच आंखमिचौली चलती रही। उमस बनी रही, लेकिन शाम के समय अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। खास बात यह रही कि दिनभर मौसम विभाग ने कोई चेतावनी नहीं दी थी, लेकिन शाम को अचानक रेड अलर्ट जारी कर दिया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे था। हवा में नमी का स्तर 98 से 67 प्रतिशत तक रहा, जबकि अधिकतम हवा की रफ्तार 57 किमी प्रति घंटा रही।

बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में उमस में कुछ राहत मिली और तापमान में भी हल्की गिरावट आई। मौसम विभाग ने अपने नए पूर्वानुमान में बताया है कि दक्षिण-पूर्व दिशा से आ रहे बादलों के कारण सोमवार को बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

Comments are closed.