गली में खुदा 10 फीट गहरा गड्ढा… और उसमें दफन थी तनु की सिसकती कहानी
इस साल आपने रिश्तों के टूटते भरोसे की कई कहानियां पढ़ी होंगी — कभी प्यार के नाम पर धोखा, तो कभी रिश्तों की आड़ में हत्या। मगर फरीदाबाद से जो मामला सामने आया है, वह इन सबसे ज़्यादा खौफनाक और असहनीय है। यह कहानी है तनु की — उत्तर प्रदेश के शिकोहाबाद की रहने वाली एक युवा महिला, जिसकी दो साल पहले शादी हुई थी फरीदाबाद के रोशन नगर निवासी अरुण से। लेकिन ये शादी उसके लिए ज़िंदगी की शुरुआत नहीं, अंत बन गई।
तनु के मायकेवालों के मुताबिक, शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले लगातार सोने के गहनों और पैसों की मांग करते रहे। तनु को प्रताड़ित किया गया, फोन तक इस्तेमाल नहीं करने दिया गया। एक साल तक वह मायके में रही और जैसे-तैसे जब उसे दोबारा ससुराल भेजा गया, तो हालात नहीं बदले।
झूठी कहानी, गहरा राज
करीब दो महीने पहले तनु के ससुराल वालों ने उसके परिवार को बताया कि वह घर से भाग गई है। शक होने पर परिवार ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई खास कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच, ससुरालवालों ने गली में गड्ढा खुदवाया और कहा कि यह घर के वेस्ट वॉटर के लिए है।
अब जब पड़ोसी पीछे की कहानी जोड़ते हैं, तो कहते हैं — हमें तभी शक हुआ था। मगर किसी ने कुछ कहा नहीं।
सच आया बाहर, मिट्टी से
पुलिस ने जब गली में जेसीबी से खुदाई करवाई, तो करीब 10 फीट नीचे से तनु की लाश मिली। वही तनु, जिसे ढूंढने की बात की जा रही थी, उसी गली के नीचे दफन थी जहां से आरोपी रोज़ गुजरते थे — बिना किसी पछतावे के। पुलिस ने शव को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है और पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सभी को हिरासत में लिया गया है।
डीसीपी सेंट्रल ऊषा कुंडू के अनुसार, शिकायत मिलने के एक हफ्ते के भीतर कार्रवाई की गई और आरोपियों से पूछताछ जारी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
तनु की चुप्पी अब सवाल बनकर गूंज रही है
तनु की बहन प्रीति का कहना है कि परिवार की बात को लगातार नजरअंदाज़ किया गया। अगर शुरुआती शिकायत पर ही कार्रवाई हो जाती, तो शायद कहानी इतनी भयावह न होती।यह मामला न सिर्फ दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा पर सवाल उठाता है, बल्कि उन व्यवस्थाओं पर भी जो समय पर सुनवाई नहीं कर पातीं। तनु अब नहीं रही, मगर उसकी चुप चीख आज पूरे समाज से जवाब मांग रही है।
Comments are closed.