अब सस्ती स्वदेशी वैक्सीन से रुकेगा बर्ड फ्लू का खतरा, 1-2 रुपये में मुर्गियों को मिलेगी 6 महीने की सुरक्षा
बर्ड फ्लू से जंग में भारत की बड़ी सफलता, भोपाल में तैयार हुई सस्ती स्वदेशी वैक्सीन
बर्ड फ्लू के संक्रमण से मुर्गियों को बचाने के लिए भारत ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। भोपाल के वैज्ञानिकों ने एवियन इंफ्लूएंजा के खतरनाक H5N1 वायरस के खिलाफ देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में इस वैक्सीन को लॉन्च किया।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान (NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने इस वैक्सीन को तैयार किया है। दावा है कि इसकी एक खुराक से मुर्गियों को करीब छह महीने तक सुरक्षा मिल सकती है। सबसे खास बात यह है कि वैक्सीन की अनुमानित कीमत केवल एक से दो रुपये प्रति खुराक होगी।
वैक्सीन के लोकार्पण के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने इसे जल्द से जल्द बाजार में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थान में 300 करोड़ रुपये की लागत से बीएसएल-4 प्रयोगशाला स्थापित करने की भी घोषणा की। इस सुविधा से खतरनाक पशु रोगों पर अनुसंधान और निगरानी को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सितंबर 2025 में शुरू हुआ था वैक्सीन निर्माण
इस स्वदेशी वैक्सीन को विकसित करने का काम सितंबर 2025 में शुरू हुआ था। NIHSAD के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल के मार्गदर्शन और वैज्ञानिक डॉ. एस. नागराजन के नेतृत्व में आठ वैज्ञानिकों की टीम ने इसे तैयार किया। कार्यक्रम में इस उपलब्धि के लिए सभी आठ वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया।
ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट ने बताया कि यह H5N1 वायरस के घातक क्लेड 2.3.2.1a वैरिएंट के खिलाफ दुनिया की पहली वैक्सीन है।
पोल्ट्री कारोबार को मिलेगा बड़ा फायदा
बर्ड फ्लू का संक्रमण फैलने पर अब तक प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में मुर्गियों को मारना पड़ता था। इससे पोल्ट्री किसानों और कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। ऐसे में कम कीमत वाली इस स्वदेशी वैक्सीन से मुर्गियों की सुरक्षा बढ़ाने और पोल्ट्री उद्योग को होने वाले नुकसान को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
Comments are closed.