ट्रंप प्रशासन का बड़ा एक्शन: अमेरिका 2 लाख विदेशियों के वीजा रद्द करने की तैयारी में

0

ट्रंप प्रशासन करीब 2 लाख विदेशियों के बिजनेस और टूरिस्ट वीजा रद्द करने की तैयारी में है।

कार्रवाई उन लोगों पर हो सकती है, जो अमेरिका आने के बाद शरण के लिए आवेदन कर चुके हैं या फिलहाल शरण पाने की प्रक्रिया में हैं। यह कदम लागू होने पर अमेरिकी इतिहास में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में वीजा रद्द किए जाने की सबसे बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

समाचार एजेंसी एपी ने विदेश विभाग के दस्तावेजों और अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया कि प्रस्ताव के दायरे में 2016 से 2026 के बीच जारी किए गए B1 और B2 वीजा शामिल हो सकते हैं। विदेश विभाग आने वाले हफ्तों में इस योजना का एलान कर सकता है, हालांकि कानूनी चुनौती या योजना में बदलाव होने पर इसमें देरी या संशोधन संभव है।

शरण के लिए आवेदन करने वालों पर नजर

विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि विभाग होमलैंड सिक्योरिटी के साथ मिलकर ऐसे विदेशियों की पहचान कर रहा है, जो कम अवधि के विजिटर के तौर पर अमेरिका आए थे, लेकिन बाद में स्थायी रूप से रहने के लिए शरण की अर्जी दे दी।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के नॉन-इमिग्रेंट वीजा रद्द करने की प्रक्रिया चल रही है। हालांकि, पिगॉट ने संभावित रूप से रद्द किए जाने वाले वीजा की कुल संख्या की पुष्टि नहीं की। उनके मुताबिक, यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और रद्द होने वाले वीजा की संख्या में बदलाव हो सकता है।

वीजा रद्द होने का मतलब तुरंत निर्वासन नहीं

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वीजा रद्द होने का मतलब संबंधित व्यक्ति को तुरंत अमेरिका से बाहर निकाला जाना नहीं है। जिन लोगों के शरण संबंधी मामले लंबित हैं, वे अपने दावों पर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रख सकते हैं। हालांकि, उनका बिजनेस या टूरिस्ट विजिटर स्टेटस समाप्त हो जाएगा।

यह कदम ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के बाद से अमेरिका की वीजा और इमिग्रेशन नीतियों को और सख्त करने की व्यापक कोशिश का हिस्सा माना जा रहा है।

Comments are closed.