वेनेजुएला पर बिजली की तरह गिरा अमेरिका! हेलीकॉप्टर ऑपरेशन में US आर्मी ने जहाज़ पर झटपट काबू पाया

2

अमेरिका ने वेनेजुएला के तट के पास एक बड़े तेल टैंकर को कब्जे में ले लिया है।

अमेरिकी सेना के कमांडो हेलीकॉप्टर के जरिए जहाज़ पर उतरे और कुछ ही मिनटों में उसे अपने नियंत्रण में ले लिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार, 10 दिसंबर को इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की और ऑपरेशन का वीडियो भी सार्वजनिक किया। यह कदम ऐसे समय सामने आया है जब ड्रग्स तस्करी को लेकर अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। वेनेजुएला ने इस कार्रवाई को “खुली लूट” बताया है।

कैरेबियन सागर में अमेरिकी नौसेना पहले से ही बड़े पैमाने पर तैनात है। ट्रंप का कहना है कि यह ऑपरेशन अमेरिका में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान का हिस्सा है, जबकि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का आरोप है कि अमेरिका उनकी सरकार को गिराने की कोशिश कर रहा है।

हेलीकॉप्टर से उतरे सैनिक
अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी ने X पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें सैनिक हेलीकॉप्टर से टैंकर के डेक पर उतरते और हथियारों के साथ जहाज़ के कंट्रोल रूम में प्रवेश करते दिख रहे हैं। ट्रंप ने मीडिया को बताया, “हमने वेनेजुएला के तट पर मौजूद एक बहुत बड़ा टैंकर जब्त किया है—अब तक का सबसे बड़ा। आगे भी कुछ कदम उठाए जा रहे हैं।”

टैंकर क्यों जब्त किया गया?
बॉन्डी ने कहा कि यह टैंकर “अवैध तेल शिपिंग नेटवर्क” का हिस्सा था, जिसका इस्तेमाल वेनेजुएला और ईरान के प्रतिबंधित तेल को भेजने में होता था। रिपोर्टों के अनुसार, जहाज़ क्यूबा जा रहा था और अमेरिकी तटरक्षक बल ने उसे रोक लिया। वेनेजुएला के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इस कार्रवाई की निंदा की और कहा कि अमेरिका ने “अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत साफ-साफ चोरी” की है।

Comments are closed.