वेनेजुएला के तेल पर अमेरिकी कार्रवाई, बिक्री से 50 करोड़ डॉलर हासिल

3

वेनेजुएला पर सैन्य कार्रवाई के महज दो हफ्ते बाद अमेरिका ने इस दक्षिण अमेरिकी देश के तेल की निकासी और बिक्री शुरू कर दी है।

पहली बिक्री में करीब 50 करोड़ डॉलर मूल्य का वेनेजुएला का कच्चा तेल बेचा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बिक्री से प्राप्त राशि को अमेरिकी सरकार के नियंत्रण वाले बैंक खातों में जमा कराया गया है। यह घटनाक्रम वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के 11 दिन बाद सामने आया है। अमेरिका ने 3 जनवरी को सैन्य अभियान चलाकर मादुरो को हिरासत में लिया था। इसके बाद उनकी सरकार में उपराष्ट्रपति रहीं डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ दिलाई गई।

वर्षों तक वेनेजुएला का संचालन करेगा अमेरिका: ट्रंप

न्यूयॉर्क स्थित न्यूज आउटलेट सेमाफोर की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका लंबे समय तक वेनेजुएला का प्रशासनिक संचालन करेगा और उसके विशाल तेल भंडार का इस्तेमाल करेगा। रिपोर्ट में ट्रंप प्रशासन के हवाले से बताया गया है कि तेल बिक्री से होने वाली आमदनी को अमेरिकी सरकार द्वारा नियंत्रित खातों में रखा जा रहा है।

एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के अनुसार, इन खातों में से मुख्य खाता कतर में स्थित है। वहीं व्हाइट हाउस की प्रवक्ता टेलर रोजर्स ने बयान जारी कर कहा,

“राष्ट्रपति ट्रंप ने मादुरो की गिरफ्तारी के बाद वेनेजुएला के साथ एक ऐतिहासिक ऊर्जा समझौता किया है। यह समझौता अमेरिका और वेनेजुएला—दोनों देशों के लोगों के लिए लाभकारी होगा।”

वेनेजुएला से जुड़े एक और तेल टैंकर पर कार्रवाई

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने वेनेजुएला से जुड़े एक और तेल टैंकर को जब्त किया है। यह कार्रवाई वेनेजुएला के तेल निर्यात पर दबाव बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अमेरिकी अभियान का हिस्सा है। मध्य दिसंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत यह छठा टैंकर है, जिसे निशाना बनाया गया है।

इस टैंकर पर गुयाना का झंडा लगा हुआ था। अमेरिकी सेना की साउदर्न कमांड ने बताया कि कैरेबियाई क्षेत्र में ‘वेरोनिका’ नामक इस टैंकर को अमेरिकी बलों ने अपने नियंत्रण में लिया है। यह कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो की प्रस्तावित मुलाकात से ठीक पहले की गई।

Comments are closed.