दिल्ली SIR में नाम जुड़वाने की होड़, 14 दिन में 52,825 आवेदन; पश्चिमी जिले में सबसे ज्यादा फॉर्म

1

दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। 31 अगस्त से 13 सितंबर के बीच महज 14 दिनों में 52,825 लोगों ने फार्म-6 जमा किया। यानी इस अवधि में हर दिन औसतन करीब 377 आवेदन प्राप्त हुए।

30 अगस्त तक मिले 2,12,400 आवेदनों को शामिल करने के बाद फार्म-6 के कुल आवेदन बढ़कर 2,65,225 हो गए हैं। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पश्चिमी जिले से सबसे ज्यादा 6,580 आवेदन मिले हैं।

पश्चिमी जिले के बाद उत्तर पश्चिमी जिले से 5,403, पूर्वी जिले से 5,359 और उत्तर पूर्वी जिले से 4,677 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, नई दिल्ली जिले में सबसे कम 1,131 लोगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 जमा किया।

नाम हटाने के लिए 52 हजार से ज्यादा आवेदन

SIR के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। 31 अगस्त से 13 सितंबर के बीच फार्म-7 के 621 आवेदन मिले। इसके साथ ही अब तक फार्म-7 की कुल संख्या 52,092 हो गई है।

वहीं, नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार के लिए इस्तेमाल होने वाले फार्म-8 के कुल आवेदन 2,77,256 तक पहुंच गए हैं। विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए फार्म-6A के तहत अब तक 1,468 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

30 सितंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति

दिल्ली SIR के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 सितंबर निर्धारित की गई है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 29 अक्टूबर तक किया जाएगा।

इसके बाद 4 नवंबर को दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को अपने नाम और अन्य विवरण की जांच कर किसी भी गलती या आपत्ति की स्थिति में तय समयसीमा के भीतर आवेदन करने का अवसर दिया जा रहा है।

Comments are closed.