Delhi Weather: 8 वर्षों में सबसे गर्म रहा यह गणतंत्र दिवस, सबसे साफ रही दिल्ली की हवा

0 67

मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच दिल्ली में रविवार को बीते आठ वर्षों में गणतंत्र दिवस पर सबसे अधिक गर्म मौसम रहा।

इस साल गणतंत्र दिवस पर अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। इससे पूर्व 26 जनवरी 2017 को यह 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिन हल्की ठंडक रहने के बाद फिर से तापमान बढ़ेगा। इस बार फरवरी के शुरुआती दिन भी गर्म ही रहने की संभावना है। पिछले कुछ वर्षों में 26 जनवरी को दिल्ली के तापमान में काफी उतार-चढ़ाव होता रहा है, जबकि 1991 के बाद से दिन के लिए लंबी अवधि का औसत अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस हैं।

हाल के वर्ष ठंडे रहे हैं और 2024 में तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस, 2023 में 17.3 डिग्री सेल्सियस और 2022 में 16.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने दिल्ली में लगातार सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान के लिए साफ आसमान और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं को जिम्मेदार ठहराया है।

रात के तापमान में क्यों आई गिरावट?
वहीं, स्काईमेट के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया, “हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में कुछ वर्षा और बर्फबारी हुई, लेकिन दिन में निकल रही तेज धूप के कारण दिल्ली में अधिकतम तापमान इससे अप्रभावित रहा है।” हालांकि साफ आसमान और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट आई है।

रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.2 डिग्री सेल्सियस था। यह शनिवार के 8.6 डिग्री और शुक्रवार के 9.8 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा कम रहा। मंगलवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में और वृद्धि होगी।

कैसा रहेगी इस हफ्ते का मौसम?
पलावत ने कहा, “यह विक्षोभ हवा के पैटर्न को बदल देगा, हवा की गति कम कर देगा। इससे बादल छाएंगे, जिससे रात में गर्मी बढ़ेगी और रात का तापमान बढ़ेगा।” सोमवार को सुबह ज्यादातर जगह धुंध रहने की संभावना है। मंद हवा चलेंगी। दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 23 और आठ डिग्री रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताहांत यानी फरवरी की शुरुआत तक न्यूनतम तापमान बढ़कर नौ से 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जाएगा।

गणतंत्र दिवस पर 10 वर्षों में सबसे साफ रही दिल्ली की हवा
तेज हवाओं के असर से रविवार को भी प्रदूषण के स्तर में राहत ही रही। हालांकि पिछले तीन दिनों से राजधानी का एक्यूआई 200 से नीचे चल रहा था जबकि रविवार को यह 200 से थोड़ा ऊपर चला गया। इसके बावजूद यह गणतंत्र दिवस एक दशक के दौरान सबसे साफ हवा वाला रहा है।

कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेती आकाश मिसाइल। फोटो- ध्रुव कुमार
2016 से 2025 के दौरान इस साल 26 जनवरी को दिल्ली का एक्यूआई सबसे कम दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक रविवार को राजधानी का एक्यूआई 216 दर्ज किया गया। इसे खराब श्रेणी में रखा जाता है।

शनिवार को यह 174 रहा था। 24 घंटे के भीतर इसमें 42 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन अर्ली वार्निंग सिस्टम का पूर्वानुमान है कि अभी वायु प्रदूषण के स्तर में बहुत अधिक वृद्धि नहीं होगी। दिल्ली सहित एनसीआर के शहरों में भी एक्यूआई मध्यम से खराब श्रेणी में ही बना रहेगा।

Leave A Reply