शिवरात्रि पर हिमाचल में दर्दनाक हादसा: मंडी में 200 मीटर गहरी खाई में गाड़ी गिरी, तीन की मौत

0

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज क्षेत्र में शिवरात्रि की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बूनालीधार के पास एक जीप करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

हादसा रविवार तड़के करीब चार बजे लंबाथाच-कलहणी सड़क पर हुआ। बताया जा रहा है कि चारों दोस्त बिना किसी को बताए घर से जीप लेकर निकले थे। कुछ ही दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना स्थल उनके घर से करीब 24 किलोमीटर दूर बताया गया है।

गाड़ी गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दो युवक वाहन से बाहर गिरे मिले, जबकि दो अंदर फंसे थे। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथे की हालत गंभीर बनी हुई है।

मृतकों में बगस्याड़ निवासी योगराज का बेटा हार्दिक भी शामिल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी युवक आईटीआई के छात्र थे। हादसा इतना भीषण था कि शुरुआत में शवों की पहचान करने में भी दिक्कत आई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जंजैहली थाना पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Comments are closed.