आज मौनी अमावस्या, पवित्र स्नान के लिए घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़

3

मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में आस्था का जनसैलाब, तड़के से संगम पर लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

प्रयागराज के ऐतिहासिक माघ मेले में आज मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही लाखों लोग त्रिवेणी संगम पहुंचकर पुण्य स्नान कर रहे हैं। संगम तट पर ‘हर हर गंगे’ के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट घोषित किया है।

सुरक्षा के सख्त इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में 900 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। घाटों पर निगरानी के लिए जल पुलिस और मोटरबोट लगातार गश्त कर रही हैं। मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए एंबुलेंस और स्वास्थ्य टीमें भी अलग-अलग स्थानों पर तैनात की गई हैं।

  • श्रद्धालुओं के लिए व्यापक सुविधाएं
  • करीब 800 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले माघ मेले को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए
  • 25 हजार से अधिक शौचालय,
  • 3,500 से ज्यादा सफाईकर्मी,

और अस्थायी पेयजल, बिजली व यातायात व्यवस्थाएं की गई हैं।

कम अवधि के कल्पवास के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए मेला क्षेत्र में टेंट सिटी भी विकसित की गई है, जहां योग और ध्यान जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध

मौनी अमावस्या स्नान के मद्देनज़र बैरिकेडिंग, रूट मैनेजमेंट और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लगातार घोषणाएं की जा रही हैं।
प्रशासन का दावा है कि सभी विभाग समन्वय के साथ अलर्ट मोड पर हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और निर्बाध स्नान की सुविधा मिल सके।

Comments are closed.