दिल्ली वालों को आज मौसम देगा चौंकाने वाले पल, अगले हफ्ते तक जारी रहेगा उतार-चढ़ाव

4

दिल्ली में मौसम का तीन रंगों वाला दिन: सुबह बादल, दोपहर धूप, शाम को तेज बारिश

बुधवार को दिल्ली का मौसम पूरी तरह से पल-पल बदलता नजर आया। सुबह हल्के बादल और बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरुआत हुई, दोपहर में तेज धूप निकली और उमस बढ़ गई, वहीं शाम होते-होते कई इलाकों में तेज बारिश ने मौसम को पूरी तरह पलट दिया।

अलर्ट पर सवाल, पूर्वानुमान हुआ फेल
मौसम विभाग ने सुबह येलो अलर्ट जारी किया था, जिसे दोपहर में ऑरेंज और फिर शाम 7 बजे रेड अलर्ट में बदला गया। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि जब तक रेड अलर्ट जारी हुआ, तब तक दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो चुकी थी। अलर्ट के बाद वर्षा की तीव्रता अपेक्षाकृत कम हो गई, जिससे विभाग के पूर्वानुमानों पर एक बार फिर सवाल उठे।

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी दिशा की ओर बढ़ते घने बादलों के कारण राजधानी के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटा रही।

तापमान और नमी का स्तर
अधिकतम तापमान: 35.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1 डिग्री कम)

न्यूनतम तापमान: 26.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.5 डिग्री कम)

नमी का स्तर: 81% से घटकर 62% तक

कहां कितनी बारिश हुई?
दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बारिश की तीव्रता अलग-अलग रही। सफदरजंग वेधशाला पर मात्र 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि नजफगढ़ में सबसे अधिक 60 मिमी वर्षा हुई। कुछ अन्य क्षेत्रों में बारिश का आंकड़ा इस प्रकार रहा:

इलाका वर्षा (मिमी में)
आयानगर 50.5
भारत मंडपम 37.7
पूसा 30.5
नॉर्थ कैंपस 22.0
फार्मा साइंस 15.5
पालम 14.4
इग्नू 11.5
नारायणा 6.5
मुंगेशपुर 7.0
जनकपुरी 4.0
जाफरपुर 2.0

अगले सात दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का अनुमान है कि राजधानी में अगले कुछ दिन ऐसे ही रहेंगे — दिनभर बादल छाए रहेंगे, गरज-चमक और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। तापमान में गिरावट और उमस में राहत की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

हवा की सेहत भी सुधरी
बारिश और हवाओं के चलते दिल्ली की हवा भी सुधरी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार को लगातार 14वें दिन दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 81 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। अगले दो दिनों में भी हवा की गुणवत्ता इसी स्तर पर रहने की उम्मीद है।

Comments are closed.