जापान में भूकंप के तेज झटकों से दहला टोक्यो, 20 से ज्यादा लोग घायल

1

जापान में फिर भूकंप के तेज झटके, टोक्यो समेत कई इलाकों में दहशत; 20 से ज्यादा घायल

जापान में रविवार तड़के 5.9 तीव्रता के भूकंप ने राजधानी टोक्यो और पूर्वी इलाकों को हिला दिया। भूकंप के कारण 20 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। हालांकि, अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई हैं। भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं बताया गया है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप दक्षिणी इबाराकी प्रांत में करीब 70 किलोमीटर की गहराई में आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी शुरुआती तीव्रता 5.8 बताई। जापान का यह इलाका भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है।

ट्रेन सेवाएं प्रभावित

भूकंप के झटकों के बाद टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों समेत पूर्वोत्तर जापान की कुछ लोकल ट्रेन सेवाओं में देरी हुई। हालांकि, शिंकानसेन बुलेट ट्रेनें सामान्य रूप से चलती रहीं।

सरकार ने स्थिति पर नजर रखने और राहत कार्यों के लिए टीम गठित की है। प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा कि प्रशासन प्रभावित इलाकों में जरूरी कदम उठा रहा है।

460 घरों की बिजली गुल, पाइपलाइन भी टूटी

भूकंप का असर टोक्यो के बुनियादी ढांचे पर भी पड़ा। कोटो वार्ड में भूमिगत पानी की पाइपलाइन टूटने से सड़क का एक हिस्सा पानी से भर गया। मरम्मत के बाद रिसाव पर काबू पा लिया गया।

वहीं, टोक्यो में करीब 460 घरों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। टेपको पावर ग्रिड के अनुसार, रविवार सुबह तक बिजली बहाल कर दी गई।

कुछ हफ्ते पहले आया था शक्तिशाली भूकंप

यह झटके क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कुछ सप्ताह बाद महसूस किए गए हैं। उस भूकंप में 38 लोगों की मौत और 364 लोगों के घायल होने की खबर थी, जबकि 1,500 से अधिक इमारतें क्षतिग्रस्त या नष्ट हुई थीं।

Comments are closed.