जॉइंट सैन्य कार्रवाई में ISIS का टॉप कमांडर अबू बिलाल अल-मिनुकी ढेर

2

अमेरिका और नाइजीरिया की संयुक्त सैन्य कार्रवाई में आतंकी संगठन ISIS का उप प्रमुख अबू बिलाल अल-मिनुकी मारा गया। दोनों देशों के अधिकारियों ने शुक्रवार रात हुए इस ऑपरेशन को आतंकवाद के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिकी सैनिकों और नाइजीरिया के सुरक्षा बलों ने मिलकर एक जटिल अभियान को अंजाम दिया, जिसमें लंबे समय से सक्रिय आतंकी अबू बिलाल अल-मिनुकी को ढेर कर दिया गया। ट्रंप ने इसे आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक सहयोग का मजबूत उदाहरण बताया।

इसके कुछ घंटे बाद नाइजीरिया के राष्ट्रपति Bola Ahmed Tinubu ने भी ऑपरेशन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सहयोग से चलाए गए इस अभियान में ISIS के कई वरिष्ठ आतंकियों को मार गिराया गया है।

नाइजीरियाई सेना के मुताबिक यह ऑपरेशन बोर्नो प्रांत के मेटेले इलाके में चलाया गया। सुरक्षा बलों ने आतंकियों को घेरकर करीब चार घंटे तक हवाई और जमीनी कार्रवाई की। इस दौरान मिनुकी और उसके कई सहयोगी मारे गए। अधिकारियों के अनुसार अबू बिलाल अल-मिनुकी नाइजीरिया का नागरिक था।

अमेरिका ने वर्ष 2023 में मिनुकी को वैश्विक आतंकी घोषित किया था। बोर्नो और आसपास के क्षेत्रों में Boko Haram, ISIS और उससे जुड़े अन्य आतंकी गुट लंबे समय से सक्रिय हैं। इन संगठनों की हिंसा में हजारों लोगों की जान जा चुकी है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले 17 वर्षों में नाइजीरिया और पश्चिम अफ्रीका के कई हिस्सों में आतंकी हमलों का असर लगातार बढ़ा है। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों, खासकर ईसाई समुदाय के लोगों को निशाना बनाया गया।

Comments are closed.