Tehran में आसमान से बरसा तेल! Iran में जहरीली बारिश से मचा हाहाकार

3

मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच संघर्ष का आज 10वां दिन है और हालात थमने के बजाय और गंभीर होते जा रहे हैं। शनिवार देर रात Israel ने Iran की राजधानी Tehran में तेल भंडारण केंद्रों और ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाकर हवाई हमले किए।

इन हमलों में तेहरान और उसके आसपास स्थित चार बड़े तेल डिपो और रिफाइनरियों को टारगेट किया गया। हमलों के बाद कई जगहों पर भीषण आग लग गई और उससे उठने वाला घना काला धुआं आसमान में फैल गया। बाद में यही धुआं बादलों में बदल गया और हुई बारिश में तेल जैसे काले अवशेष गिरते दिखाई दिए।

इस बारिश के बाद कई इलाकों में इमारतों, सड़कों और वाहनों पर तेल जैसे दाग दिखाई दिए। विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश जहरीले हाइड्रोकार्बन कणों और अम्लीय वर्षा (एसिड रेन) का मिश्रण हो सकती है। हालात को देखते हुए तेहरान प्रशासन ने लोगों को एहतियात के तौर पर मास्क पहनने की सलाह दी है।

तेल रिफाइनरियों को बनाया गया निशाना

ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक हमलों में कई महत्वपूर्ण तेल भंडारण और रिफाइनरी केंद्रों को निशाना बनाया गया। इनमें पूर्वोत्तर तेहरान का अघदासिये तेल गोदाम, शहर के उत्तर में स्थित शाहरान तेल डिपो, दक्षिणी तेहरान की एक रिफाइनरी और पड़ोसी Alborz Province के Karaj में स्थित तेल डिपो शामिल हैं।

दूसरी ओर Israel Defense Forces ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि कार्रवाई में Islamic Revolutionary Guard Corps (आईआरजीसी) से जुड़े ईंधन भंडारण परिसरों को निशाना बनाया गया, जिनका इस्तेमाल सैन्य इकाइयों को ईंधन सप्लाई करने के लिए किया जाता था।

चार टैंकर चालकों की मौत

ईरान की समाचार एजेंसी Fars News Agency के मुताबिक हमलों में तेहरान और अल्बोरज क्षेत्र की चार तेल भंडारण सुविधाओं और ट्रांसफर केंद्रों को नुकसान पहुंचा। इनमें से एक स्थान पर मौजूद चार टैंकर चालकों की मौत की भी खबर है।

धुएं से बने बादल, फिर हुई ‘तेल की बारिश’

हमलों के बाद लगी आग कई घंटों तक जलती रही, जिससे भारी मात्रा में काला धुआं आसमान में फैल गया। बाद में यह धुआं घने बादलों में बदल गया और हुई बारिश के साथ तेल के सूक्ष्म कण राजधानी के कई हिस्सों में गिरते देखे गए।

करीब एक करोड़ आबादी वाले तेहरान में इस घटना के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है।

स्वास्थ्य को लेकर चेतावनी

Iranian Red Crescent Society ने चेतावनी दी है कि इस बारिश में जहरीले हाइड्रोकार्बन यौगिकों के साथ सल्फर और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसे तत्व मौजूद हो सकते हैं। ये पदार्थ अम्लीय वर्षा का कारण बनते हैं और सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन तथा त्वचा संबंधी समस्याएं पैदा कर सकते हैं।

लोगों को घर में रहने की सलाह

रेड क्रिसेंट ने निवासियों को फिलहाल घर के अंदर रहने, खुले दरवाजों और खिड़कियों को गीले कपड़े से ढकने और बारिश के पानी से दूषित कपड़ों को तुरंत बदलने की सलाह दी है। इसके अलावा वाहनों और इमारतों की बाहरी सतहों को धोने की भी सिफारिश की गई है, ताकि जहरीले अवशेष बाद में धूल बनकर हवा में न फैलें।

Comments are closed.